भोपाल। आरजीपीवी की टीम ने ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी ड्रॉप रोबाल महिला एवं पुरुष चैंपियनशिप में पुरुष वर्ग के डबल्स मुकाबलों में रजत पदक जीता। वहीं, डबल्स वर्ग के महिला मुकाबले में भी कांस्य पदक जीता। पुरुष वर्ग में एलएनसीटी के उत्कर्ष अग्रवाल, प्रतीक तिवारी, साकेत भदौरिया, शांतनु पांडे, हर्ष माहेश्वरी ने पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ को सीधे सेटों में 21-15, 21-17 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। हालांकि, फाइनल मुकाबले में एमडीयू रोहतक से 1-2 से हारकर रजत पदक से संतोष करना पड़ा। वहीं, महिला डबल्स मुकाबले में एलएनसीटी की ऋतु धुर्वे, अंकिता जैन, दीपाली गौर और रुचि जैन ने कलिंगा विश्वविद्यालय को हराकर कांस्य पदक जीता। इस तरह पूरी प्रतियोगिता में आरजीपीवी के खिलाडिय़ों ने चार रजत एवं 10 कांस्य पदक प्राप्त किए। महिला वर्ग में विश्वविद्यालय की टीम को ओवरऑल तृतीय स्थान मिला। डॉ. मंजू सिंह अधिष्ठाता छात्र कल्याण आरजीपीवी ने बताया कि पहली बार विश्वविद्यालय की टीम को यह गौरव हासिल हुआ है। इसके लिए पूरे खिलाडिय़ों एवं कोच मैनेजर को विश्वविद्यालय द्वारा सम्मानित किया जाएगा। इस शानदार उपलब्धि पर डॉ. अनुपम चौकसे अध्यक्ष ड्रॉप रोबॉल संघ मप्र ने खिलाडिय़ों एवं विश्वविद्यालय को बधाई दी है। संघ के सचिव पंकज जैन ने ड्रॉप रोबॉल के जनक ईश्वर सिंह आर्य का आभार व्यक्त किया।

