नई दिल्ली: भारतीय टी20 टीम के प्रमुख फिनिशर और बाएं हाथ के बल्लेबाज रिंकू सिंह ने टी20 में शानदार प्रदर्शन के बाद अब रेड-बॉल क्रिकेट में भी अपनी काबिलियत साबित की है। रिंकू ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टी20 सीरीज से पहले रणजी ट्रॉफी 2025 के पहले राउंड में शानदार शतक जमाया। पहले राउंड के मुकाबले में उन्होंने आंध्र प्रदेश के खिलाफ अपना आठवां फर्स्ट क्लास शतक बनाया। हालांकि, दूसरे राउंड के मैच में रिंकू राष्ट्रीय टीम की जिम्मेदारियों के चलते रणजी ट्रॉफी में नहीं खेल पाएंगे। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज 29 अक्टूबर से शुरू होगी।
रिंकू सिंह की बात करें तो 220 रन पर 6 विकेट गंवाने के बाद उन्होंने उत्तर प्रदेश की टीम को संभाला। भारतीय खिलाड़ी ने शतक जड़ते हुए विप्रज निगम के साथ 100 से ऊपर की साझेदारी की। फर्स्ट क्लास क्रिकेट यानी रेड बॉल फॉर्मेट में यह उनका 8वां शतक है। रिंकू ने 2016 में रणजी ट्रॉफी डेब्यू किया था। इस मैच में पहले खेलते हुए आंध्र प्रदेश ने 470 रन बनाए थे। रिंकू सिंह के शतक तक यूपी की टीम ने 6 विकेट पर 332 रन बना लिए थे। विप्रज निगम 42 और रिंकू 100 रन बनाकर नाबाद थे। टीम अभी भी 138 रन से पीछे थी। इस पारी के साथ रिंकू ने दिखा दिया है कि उनके अंदर रेड बॉल क्रिकेट खेलने का भी दम है। उन्हें भारत के लिए टेस्ट डेब्यू का इंतजार है।
रिंकू सिंह के रिकॉर्ड्स हैं कमाल
रिंकू सिंह के प्रदर्शन पर नजर डालें तो उन्होंने भारत के लिए दो वनडे और 34 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। दो एकदिवसीय मैचों में उन्होंने कुल 55 रन बनाए, जिसमें 41 रन उनका सर्वोच्च स्कोर रहा। वहीं टी20 में रिंकू ने 25 पारियों में 550 रन जुटाए, जिनमें तीन अर्धशतक शामिल हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में रिंकू का यह 51वां मैच है और उनके नाम 3,400 से अधिक रन दर्ज हैं। इस दौरान उन्होंने 8 शतक और 22 अर्धशतक भी अपने खाते में जोड़े हैं।
रिंकू सिंह करेंगे ऑस्ट्रेलिया दौरे पर डेब्यू
रिंकू सिंह 29 अक्टूबर से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज में टीम इंडिया के लिए खेलते नजर आएंगे। इससे पहले उन्होंने एशिया कप 2025 के फाइनल में शानदार प्रदर्शन किया था, जिसमें फाइनल मुकाबले में उनका चौका टीम इंडिया को जीत दिलाने में निर्णायक साबित हुआ। अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज में भी सभी की निगाहें उनके प्रदर्शन पर टिकी रहेंगी। फिलहाल रिंकू केवल टी20 फॉर्मेट में खेल रहे हैं और उन्हें दिसंबर 2023 के बाद से किसी वनडे मैच के लिए टीम में नहीं चुना गया है।

