नई दिल्ली: भारतीय टीम एशिया कप 2025 में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में अपने खिताब की रक्षा करने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस टूर्नामेंट के लिए टीम इंडिया ने रिंकू सिंह को भी स्क्वॉड में शामिल किया है। भले ही रिंकू का आईपीएल 2025 बेहद निराशाजनक रहा हो, लेकिन चयनकर्ताओं ने उन पर भरोसा जताया। अब इस बड़े टूर्नामेंट से पहले रिंकू ने शानदार वापसी करते हुए लाजवाब फॉर्म हासिल कर लिया है, जिससे टीम की बल्लेबाज़ी और भी मज़बूत नज़र आ रही है।
एशिया कप 2025 से ठीक पहले रिंकू सिंह ने उत्तर प्रदेश प्रीमियर लीग 2025 में मेरठ मावेरिक्स की ओर से खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया और अपने बल्ले से साबित कर दिया कि उन्होंने अपनी खोई हुई लय वापस पा ली है। उनका यह फॉर्म टीम इंडिया के लिए बेहद अच्छा संकेत माना जा रहा है। रिंकू ऐसे बल्लेबाज़ हैं जो किसी भी समय तेजी से गियर बदलकर विरोधी गेंदबाज़ों पर हावी हो जाते हैं। मौजूदा लय को देखते हुए, अगर उन्हें एशिया कप में मौका मिलता है, तो वे विपक्षी गेंदबाज़ों के लिए बड़ा खतरा साबित हो सकते हैं।
यूपी प्रीमियर लीग 2025 में रिंकू सिंह का धमाकेदार प्रदर्शन
उत्तर प्रदेश प्रीमियर लीग 2025 में रिंकू सिंह ने अपनी टीम के लिए 11 लीग मैचों की 9 पारियों में शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए जमकर रन बनाए। उन्होंने 178.85 के दमदार स्ट्राइक रेट और 62.00 की बेहतरीन औसत के साथ कुल 372 रन जोड़े। इस दौरान रिंकू ने 24 छक्के और 26 चौके जड़ते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। टूर्नामेंट में उन्होंने एक शतक और एक अर्धशतक भी लगाया, जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर 108 रन रहा। बल्लेबाज़ी के अलावा रिंकू ने गेंदबाज़ी में भी हाथ आज़माया और खुद को एक ऑलराउंडर के रूप में साबित करने की कोशिश की।

