ऑस्ट्रेलिया में सचिन से आगे निकलने की दहलीज पर रोहित, शतकों के अर्धशतक से सिर्फ एक कदम दूर

0

नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया दौरे पर होने वाली 3 मैचों की वनडे सीरीज में रोहित शर्मा करीब 7 महीने बाद भारतीय टीम के लिए खेलते नजर आएंगे। टी20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके रोहित को हाल ही में वनडे टीम की कप्तानी से भी हटा दिया गया है। बतौर कप्तान उनका आखिरी मैच चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल था, जिसमें भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर खिताब जीता था। अब कप्तानी से हटने के बाद रोहित शर्मा के लिए यह ऑस्ट्रेलिया दौरा बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि यह उनके टीम में भविष्य को लेकर निर्णायक साबित हो सकता है।

ऑस्ट्रेलिया दौरे पर रोहित शर्मा का बल्ला चला तो वह आगे भारतीय वनडे टीम की योजनाओं में बने रहेंगे। 38 साल के इस ओपनर बल्लेबाज के पास 3 मैचों की सीरीज में बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका होगा। अगर ऑस्ट्रेलिया दौरे पर रोहित शर्मा शतक जड़ते हैं तो वह इंटरनेशनल क्रिकेट में 50 या इससे ज्यादा शतक जड़ने वाले 10वे बल्लेबाज बन जाएंगे। वह ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज खिलाड़ी डेविड वॉर्नर से आगे निकल जाएंगे। दोनों के अभी 49-49 शतक हैं।

सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ने की दहलीज पर रोहित शर्मा

अगर रोहित शर्मा 2 शतक जड़ते हैं तो वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले भारतीय खिलाड़ियों की सूची में सचिन तेंदुलकर से आगे निकल जाएंगे। तेंदुलकर के 9 शतक हैं। रोहित शर्मा के अलावा विराट कोहली के भी 8 शतक हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में रोहित शर्मा का सर्वोच्च स्कोर 209 रन है।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रोहित शर्मा का शानदार रिकॉर्ड

रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 46 वनडे की 46 पारियों में 57.30 के औसत से 2407 रन बनाए हैं। उन्होंने 8 शतक के अलावा 9 अर्धशतक लगाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 96.01 का है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 194 चौके और 88 छक्के लगाए हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय सचिन तेंदुलकर हैं। उन्होंने 3077 रन बनाए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here