मुंबई: आईपीएल 2024 में मुंबई इंडियंस टीम की कप्तानी छीन जाने के बाद रोहित शर्मा इंडियन प्रीमियर लीग में अनोखा रिकार्ड दर्ज करने जा रहे हैं। रोहित शर्मा आईपीएल में मुंबई इंडियंस टीम के लिए 200वां मैच खेलेंगे। आईपीएल में 200वां मैच खेलने वाले वह पहले खिलाड़ी होंगे। इसके साथ ही वह मुंबई इंडियंस टीम के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी भी बन जाएंगे। रोहित शर्मा बुधवार को हैदराबाद में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होने वाले मैच में यह उपलब्धि हासिल कर लेंगे। दोनों ही टीमों को इस मैच में आईपीएल सत्र में पहली जीत की तलाश है। दोनों ही टीमों को अपने पहले मैच में हार मिली थी।
आईपीएल के इस सत्र की शुरुआत में फ्रेंचाइजी ने टीम की कप्तानी छीनकर आलराउंडर हार्दिक पांड्या को सौंप दी थी। इसे लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया था। कई प्रशंसक व क्रिकेट विशेषज्ञ इस निर्णय के खिलाफ दिखाई दिये। हालांकि गुजरात टायटंस के खिलाफ पिछले मैच में रोहित कई मौकों पर मैदान पर खेल संचालन के सूत्र अपने हाथों में लेते हुए दिखाई दे रहे थे। साल 2011 में मुंबई इंडियंस से जुड़ने के बाद से रोहित ने 199 मैचों में 29.39 की औसत व 129.86 के स्ट्राइक रेट से 5084 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 195 पारियों में एक शतक और 34 अर्धशतक लगाए हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 109 रन का है।
कई रिकार्ड दर्ज है रोहित के नाम
रोहित के नाम आईपीएल में कई रिकार्ड्स दर्ज हैं। वह आईपीएल के सबसे सफल कप्तानों में शामिल हैं। रिकी पोंटिंग से कप्तानी मिलने के बाद रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने पांच बार (2013, 2015, 2017, 2019 व 2020) खिताब जीते हैं, जो आईपीएल में सबसे ज्यादा खिताब जीतने के रिकार्ड के मामले में चेन्नई सुपर किंग्स के साथ रिकार्ड है। वहीं रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने 2011 और 2013 में चैंपियंस लीग टी20 खिताब भी जीते हैं।
इसके अलावा मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए रोहित ने सबसे ज्यादा प्लेयर आफ द मैच पुरस्कार जीते। मुंबई इंडियंस के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकार्ड भी रोहित के नाम ही है। उन्होंने 208 मैचों की 204 पारियों में करीब 130 की औसत से 5357 रन बनाएं हैं। मुंबई से पहले रोहित हैदराबाद की ही अन्य फ्रेंचाइजी डेक्कन चार्जर्स के लिए खेले थे। रोहित शर्मा ने 2008 से 2010 तक इस फ्रेंचाइजी के लिए खेलते हुए 45 मैचों में 131 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 1170 रन बनाए थे। कुल 244 मैचों की 239 पारियों में करीब 131 की औसत से 6254 रन बनाते हुए रोहित शर्मा आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में चौथे स्थान पर हैं।


