‘हिटमैन’ को लेकर गलत साबित हुआ ICC, पुल शॉट के मास्टर हैं रोहित शर्मा; देखिए ट्रैक रिकॉर्ड

0

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के ओपनर रोहित शर्मा ने पिछले दिनों आइसीसी के पुल शॉट खेलने वाले चार बल्लेबाजों में खुद को शामिल नहीं किए जाने पर तंज कसा था। आइसीसी ने वेस्टइंडीज के विव रिचर्ड्स, ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग, दक्षिण अफ्रीका के हर्शल गिब्स और भारतीय कप्तान विराट कोहली की फोटो ट्वीट करके पूछा था कि इनमें पुल करने में सर्वश्रेष्ठ कौन है? इस पर रोहित ने ट्वीट किया था, ‘इसमें किसी की कमी खल रही है? मुझे लगता है कि घर से काम करना इतना आसान नहीं है।’

अगर 2015 के बाद के आंकड़ों पर गौर करें तो रोहित शर्मा ने अपने सबसे अधिक रन पुल शॉट से बनाए हैं। यही नहीं इस बीच पुल शॉट से बनाए गए रनों के मामले में भी रोहित सभी बल्लेबाजों से सबसे आगे रहे हैं। हिटमैन रोहित शर्मा ने 2015 से लेकर पुल शॉट से 1567 रन बनाए और उन्होंने सभी प्रारूपों में इस शॉट से सर्वाधिक रन बनाए। जब उन्होंने पुल शॉट खेला तब उनका स्ट्राइक रेट 274.91 रहा जो कि पुल शॉट खेलकर 500 से अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों में सर्वश्रेष्ठ रहा।

दाएं हाथ के बल्लेबाज रोहित शर्मा ने 2015 के बाद से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पुल से 1567, फ्लिक से 1229 और कवर ड्राइव से 1105 रन बनाए हैं। रोहित ने इस बीच कुल 8968 रन बनाए और इस तरह से उन्होंने 17.47 प्रतिशत रन पुल शॉट से जुटाए। इस बीच रोहित ने पुल शॉट से 116 छक्के जमाए हैं। उनके बाद इंग्लिश कप्तान इयोन मोर्गन का नंबर आता है जिन्होंने इन वर्षों में पुल शॉट से 47 छक्के लगाए।

पिछले पांच वर्षों की बात करें तो पुल शॉट से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों में रोहित शर्मा के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम के ओपनर डेविड वार्नर हैं, जिन्होंने 1209 पुल शॉट से ठोके हैं। इनके बाद शिखर धवन (879), बेन स्टोक्स (848) और कुशल मेंडिस (752) का नंबर आता है। दिलचस्प बात यह है कि आइसीसी के ट्वीट में इनमें से कोई बल्लेबाज शामिल नहीं था। यही वजह थी कि रोहित ने उस ट्वीट पर जवाब दिया था।