रोहित शर्मा सिर्फ 5 गेंद का सामना करके पवेलियन लौट गए, 14 पारियों में 9 बार नहीं कर पाए दहाई का आंकड़ा पार

0

नई दिल्ली: बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के बॉक्सिंग डे टेस्ट में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का वापस ओपनिंग करने का फैसला कम से कम पहली पारी में नहीं चला। वह केवल 5 गेंद का सामना करके पवेलियन लौट गए। रोहित शर्मा काफी खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं। उन्होंने पिछली 14 पारियों में 9 बार दहाई का आंकड़ा पार नहीं किया है। रोहित का फॉर्म में न होना भारत के लिए चिंता का विषय है।

रोहित शर्मा ने 2024 की शुरुआत में शानदार प्रदर्शन किया था। इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सरजमीं पर टेस्ट सीरीज में 2 शतक और 1 अर्धशतक ठोका था। इसके चलते उन्होंने 2024 में 14 मैच की 15 पारी में 25.41 के औसत से 610 रन बनाए हैं। उन्होंने 2 शतक और 2 अर्धशतक लगाए हैं। इस सीरीज के बाद टेस्ट में रोहित शर्मा का बल्ला नहीं चला। घरेलू सरजमीं पर बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में वह फेल रहे। अब ऑस्ट्रेलिया में खराब फॉर्म जारी है।

मार्च 2024 में जड़ा था शतक

रोहित शर्मा ने टेस्ट करियर का 12वां शतक मार्च 2024 में धर्मशाला में जड़ा था। इसके बाद 14 पारी में सिर्फ 1 अर्धशतक लगाए हैं। उन्हें अर्धशतक लगाए हुए 8 पारी हो गई हैं। शतक लगाए हुए 14 पारी हो गई हैं। ऑस्ट्रेलिया में उनकी हालत और खराब है। एडिलेड और गाबा टेस्ट में नंबर 6 पर बल्लेबाजी करने के बाद मेलबर्न में ओपनिंग करने वाले रोहित शर्मा 5 गेंद पर 3 रन बनाकर आउट हुए। उनका सर्वोच्च स्कोर 10 है।

रोहित शर्मा की पिछली 14 पारी

रोहित शर्मा ने पिछली 14 पारियों में 6, 5, 23, 8, 2, 52, 0, 8, 18, 11, 3, 6, 10 और 3 रन बनाए हैं। मेलबर्न टेस्ट में ओपनिंग करने के लिए रोहित शर्मा को शुभमन गिल को प्लेइंग 11 से बाहर करना पड़ा। केएल राहुल का बैटिंग स्लॉट बदलना पड़ा। खराब फॉर्म से गुजर रहे रोहित शर्मा पर अगली 3 पारियों में अच्छा प्रदर्शन करने का दबाव है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 474 रन बनाए। भारत को फॉलोऑन बचाने के लिए 275 रन चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here