नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में भारत को 1-2 से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन तीसरे मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार वापसी की। सिडनी में खेले गए इस मैच में भारतीय गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया, खासकर हर्षित राणा ने 4 विकेट झटके और ऑस्ट्रेलिया की टीम को 236 रन पर समेट दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान रोहित शर्मा की नाबाद शतकीय पारी ने भारत को 9 विकेट से शानदार जीत दिलाई।
सिडनी में रोहित का जलवा, नाबाद 121 रन की शानदार पारी
कंगारू टीम के खिलाफ रोहित शर्मा ने गजब का पारी खेली और दूसरी पारी में वो मैदान पर उतरते ही अपने अंदाज में नजर आए। रोहित दूसरे मैच में शतक से चूक गए थे, लेकिन सिडनी में उन्होंने कोई गलती नहीं की और उन्होंने 125 गेंदों पर 3 छक्के और 13 चौकों की मदद से नाबाद 121 रन की पारी खेली और टीम को जीत दिलाकर ही पवेलियन लौटे। विराट कोहली ने उनका पूरा साथ निभाया और उन्होंने 81 गेंदों पर 7 चौकों की मदद से नाबाद 74 रन की पारी खेली। रोहित को उनकी इस पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया।
रोहित ने लहराया परचम, बने सीरीज के हीरो
रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाए। उन्होंने न केवल भारत की ओर से बल्कि दोनों टीमों के बीच ओवरऑल सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज के रूप में शीर्ष स्थान हासिल किया। रोहित ने तीन मैचों में 101.00 की औसत से कुल 202 रन बनाए, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल था। इस दौरान उन्होंने 21 चौके और 5 छक्के जड़े, जबकि उनका सर्वोच्च स्कोर 121 रन रहा। उनकी इस बेहतरीन बल्लेबाजी प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ के खिताब से नवाजा गया।


