नई दिल्ली : रोहित शर्मा के नाम क्रिकेट की कई उपलब्धियां हैं, लेकिन उनमें से एक जल्द ही टूटने के कगार पर है। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और टी20 विश्व कप 2024 चैंपियन रोहित शर्मा ने टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया हुआ है। लेकिन अब यूएई का एक बल्लेबाज उनसे आगे निकलने के बेहद करीब पहुंच गया है। इस साल के टी20 वर्ल्ड कप में यह विश्व रिकॉर्ड टूटना किसी के लिए आश्चर्य की बात नहीं होगी।
रोहित शर्मा: टी20 इंटरनेशनल में 200+ छक्के लगाने वाले दुनिया के अकेले बल्लेबाज
टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम है। उन्होंने अपने करियर में 159 मैचों में 205 छक्के जड़े हैं। वे दुनिया के पहले और अकेले बल्लेबाज हैं, जिन्होंने टी20 इंटरनेशनल में 200 से अधिक सिक्स लगाए हैं। खास बात यह भी है कि यह पहली बार है जब टीम इंडिया बिना रोहित शर्मा के किसी टी20 विश्व कप में खेल रही है। साल 2007 में जब पहला टी20 विश्व कप खेला गया था, तब रोहित टीम में थे, और साल 2024 में जब भारत ने टी20 विश्व कप का खिताब जीता, तो रोहित शर्मा कप्तान थे। उसी फाइनल मैच में जीत हासिल करने के बाद उन्होंने टी20 इंटरनेशनल से रिटायरमेंट का ऐलान किया था।
यूएई के मोहम्मद वसीम ने टी20 इंटरनेशनल में 193 सिक्स जड़े
इस बीच बात करते हैं उस बल्लेबाज की, जो धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए रोहित शर्मा के रिकॉर्ड के करीब पहुंच गया है। वे हैं यूएई के मुहम्मद वसीम। वे अब तक 94 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलकर 93 छक्के लगा चुके हैं। यानी रोहित के काफी करीब पहुंच चुके हैं। मंगलवार को जब न्यूजीलैंड बनाम यूएई मैच शुरू होना था, तब तक मुहम्मद वसीम ने 190 छक्के लगाए थे। इसके बाद इस मैच में भी वसीम ने 3 छक्के ठोककर इसकी संख्या 193 तक पहुंचा दी। वसीम ने इस मैच में 45 बॉल पर 66 रन ठोके। इसमें चार चौके और 3 छक्के शामिल रहे। वे आखिर तक आउट भी नहीं हुए। पारी का आगाज करते हुए जब कोई बल्लेबाज 20 ओवर तक नाबाद रहे तो समझ आता है कि उसने कितनी शानदार बल्लेबाजी की होगी।
टी20 वर्ल्ड कप में दो अर्धशतक लगाने वाले यूएई के पहले और अकेले बल्लेबाज
इतना ही नहीं, मुहम्मद वसीम यूएई के पहले बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने टी20 विश्व कप में दो अर्धशतक लगाए हैं। उन्होंने इससे पहले 2022 में 50 रन की पारी खेली थी। साल 2024 का विश्व कप वे नहीं खेल पाए थे, लेकिन इस साल वापसी करते ही पहले ही मैच में शानदार प्रदर्शन किया। वे यूएई की ओर से सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। मुहम्मद वसीम की इस पारी की बदौलत यूएई ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 20 ओवर में 6 विकेट पर 173 रन का सम्मानजनक स्कोर बनाया।


