अल नस्र की खिताबी जीत के बाद रोनाल्डो ने ट्रॉफी के साथ मनाया जश्न

0

नई दिल्ली : क्रिस्टियानो रोनाल्डो का तीन साल का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। अल-नस्र ने डामैक को 4-1 से हराकर सऊदी प्रो लीग का खिताब अपने नाम किया। यह रोनाल्डो के क्लब से जुड़ने के बाद पहली बड़ी ट्रॉफी है और इस ऐतिहासिक जीत के बाद वह भावुक होकर फूट-फूटकर रो पड़े।

साल 2023 में क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने जब अल-नस्र का दामन थामा था, तब पूरी फुटबॉल दुनिया हैरान रह गई थी। मैनचेस्टर यूनाइटेड छोड़कर सऊदी प्रो लीग में पहुंचने वाले रोनाल्डो ने इस लीग की लोकप्रियता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा दिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हालांकि गोल करने के मामले में वह लगातार सफल रहे, लेकिन ट्रॉफी जीतने का इंतजार लंबे समय तक बना रहा। अब आखिरकार वह इंतजार समाप्त हो गया है।

रोनाल्डो का धमाकेदार प्रदर्शन, दो गोल से दिलाई बड़ी जीत

मुकाबले में अल-नस्र की ओर से सादियो माने और किंग्सले कोमान ने भी गोल किए, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा रोनाल्डो की रही। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने दूसरे हाफ में दो गोल दागकर मैच पूरी तरह अल-नस्र के पक्ष में कर दिया। रोनाल्डो ने पहले शानदार फ्री-किक को गोल में बदला और फिर मैच खत्म होने से आठ मिनट पहले करीब से शानदार फिनिश कर टीम की जीत पक्की कर दी। इस सीजन में उनके 27 और 28वें लीग गोल रहे।

रोनाल्डो ने जीत के बाद अनोखे अंदाज में मनाया जश्न

खिताब जीतने के बाद रोनाल्डो का जश्न सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। एक वीडियो में वह सिर पर कपड़ा बांधे, हाथ में ट्रॉफी लिए खुशी से ड्रम बजाते नजर आए। स्टेडियम में मौजूद फैंस भी उनके साथ जश्न में डूब गए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए रोनाल्डो ने लिखा, ‘यह हमारे लिए बहुत मायने रखता है। याल्ला नस्र!’

रोनाल्डो डगआउट में फूट-फूटकर रोए, जीत का पल बना भावुक

जीत लगभग तय हो चुकी थी, तब मैनेजर जॉर्जे जीसस ने अपने कप्तान रोनाल्डो को मैदान से बाहर बुला लिया ताकि पूरा स्टेडियम खड़े होकर उनका सम्मान कर सके। बेंच पर बैठकर जब रोनाल्डो मैच के आखिरी सेकंड्स खत्म होते देख रहे थे, तब उस पल की भावनाएं उन पर पूरी तरह हावी हो गईं। हमेशा मजबूत और शांत दिखने वाले रोनाल्डो खुद को रोक नहीं पाए और दोनों हाथों में चेहरा छिपाकर रोते नजर आए। ये आंसू पिछले तीन वर्षों के संघर्ष, लगातार दबाव, आलोचनाओं और उस ट्रॉफी को जीतने की जिद का नतीजा थे, जिसका वादा उन्होंने 2023 में क्लब से जुड़ते समय किया था।

फाइनल सिटी बजते ही दबाव के आंसू खुशी के जश्न में बदल गए। रोनाल्डो ने अपने साथियों के कंधों पर बैठने के बजाय जश्न को सीधे फैंस के बीच ले जाने का फैसला किया। ड्रम स्टिक हाथ में लेकर अनुभवी स्टार स्टैंड्स की ओर बढ़े और अल-नस्र के फैंस के साथ ताल पर ड्रम बजाने लगे। उनके हर बीट के साथ हजारों फैंस का जोरदार ‘सियू’ पूरे रियाद में गूंज उठा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने मैदान पर अपने परिवार के साथ एक और भावुक तस्वीर भी साझा की। यह जीत उन्होंने उन लोगों के साथ बांटी, जिन्होंने लगातार मीडिया दबाव और आलोचनाओं के बीच उनका साथ दिया। दोनों पोस्ट कुछ ही घंटों में वायरल हो गए और करोड़ों व्यूज बटोरते हुए दुनिया भर के स्पोर्ट्स ट्रेंड्स पर छा गए।

विश्व कप की तैयारी में आत्मविश्वास से भरी टीम

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सऊदी लीग का खिताब जीतकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अब पांच अलग-अलग देशों में घरेलू लीग ट्रॉफी जीतने का अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। 41 वर्ष की उम्र में भी उन्होंने यह साबित कर दिया है कि उनका जुनून और जीत की भूख आज भी उतनी ही मजबूत है। उनकी फिटनेस भी बेहद शानदार बनी हुई है। रोनाल्डो को पुर्तगाल की विश्व कप टीम में भी शामिल किया गया है, और यह उनका रिकॉर्ड छठा विश्व कप होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here