सूरत। राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने जूनियर स्तर पर अपनी मजबूत पकड़ को कायम रखते हुए तीसरी हॉकी इंडिया जूनियर मेन्स अकादमी चैम्पियनशिप का खिताब सफलतापूर्वक बरकरार रखा। सूरत में खेले गए फाइनल मुकाबले में राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने एसजीपीसी हॉकी अकादमी को 4-0 से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की। फाइनल मैच में राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने शुरू से ही संतुलित और आक्रामक खेल दिखाया। 27वें मिनट में सुखप्रीत सिंह ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद 35वें मिनट में जरमन सिंह ने दूसरा गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया। दूसरे हाफ में भी टीम का दबदबा बना रहा। 51वें मिनट में सुखमनप्रीत सिंह ने तीसरा गोल किया, जबकि 56वें मिनट में अमनदीप सिंह ने चौथा गोल कर जीत सुनिश्चित कर दी। टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अमनदीप सिंह को बेस्ट डिफेंडर और सुखप्रीत सिंह को बेस्ट फॉरवर्ड का पुरस्कार प्रदान किया गया। अंडर-19 श्रेणी में आयोजित इस प्रतियोगिता में राउंडग्लास हॉकी अकादमी की यह लगातार तीसरी खिताबी जीत है। अकादमी ने 2023 में पहले संस्करण का खिताब जीता था और 2024 में टूर्नामेंट के विस्तार के बाद भी अपना दबदबा बनाए रखा। पिछले वर्ष फाइनल में राउंडग्लास ने ओडिशा नेवल टाटा अकादमी को 8-3 से हराया था। 2025 के टूर्नामेंट में राउंडग्लास हॉकी अकादमी का प्रदर्शन शुरुआत से ही प्रभावशाली रहा। पूल ए में टीम ने स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ गुजरात हॉकी अकादमी को 11-1 से हराया और आर्मी बॉयज स्पोर्ट्स कंपनी के खिलाफ 2-1 की जीत दर्ज कर नॉकआउट में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में टीम ने घुमनहेड़ा राइजर्स हॉकी अकादमी को 8-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।


