NST NEWS, इंदौर. मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (एमपीएल) 2026 में रॉयल निमाड़ ईगल्स ने शानदार बल्लेबाजी और अनुशासित गेंदबाजी के दम पर उज्जैन फाल्कन्स को 27 रन से हराकर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। डेली कॉलेज ग्राउंड, इंदौर में खेले गए इस मुकाबले में रॉयल निमाड़ ईगल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट पर 252 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
उज्जैन फाल्कन्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन रॉयल निमाड़ ईगल्स के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया। टीम के स्टार बल्लेबाज आनंद बैस ने विस्फोटक अर्धशतक जमाते हुए विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। उनकी शानदार पारी की बदौलत टीम ने टूर्नामेंट के सबसे बड़े स्कोरों में से एक खड़ा किया। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
253 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी उज्जैन फाल्कन्स ने भी जोरदार संघर्ष किया। निचले क्रम में हर्षवर्धन हार्दिया ने मात्र 12 गेंदों में 41 रन की तूफानी पारी खेलकर मुकाबले में रोमांच बनाए रखा। वहीं गजेंद्र गोस्वामी ने भी तेज रन जुटाए, लेकिन टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी। रॉयल निमाड़ ईगल्स की ओर से कप्तान सरांश जैन ने गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 35 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। उनकी सटीक गेंदबाजी ने उज्जैन फाल्कन्स की रनगति पर अंकुश लगाया और टीम को यादगार जीत दिलाई।
स्कोर संक्षेप
रॉयल निमाड़ ईगल्स: 252/3 (20 ओवर)
उज्जैन फाल्कन्स: 225/8 (20 ओवर) परिणाम: रॉयल निमाड़ ईगल्स 27 रन से विजयी, प्लेयर ऑफ द मैच: आनंद बैस (रॉयल निमाड़ ईगल्स)


