रॉयल निमाड़ ईगल्स MPL 2026 फाइनल में पहुंची, बारिश से बाधित सेमीफाइनल में लीग रैंकिंग बनी सहारा

0

NST NEWS, इंदौर. मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (MPL) 2026 के पहले सेमीफाइनल में रॉयल निमाड़ ईगल्स ने फाइनल में जगह बना ली है। होलकर स्टेडियम, इंदौर में गुरुवार को रॉयल निमाड़ ईगल्स और रीवा जैगुआर्स के बीच खेला गया मुकाबला लगातार बारिश के कारण पूरा नहीं हो सका और अंततः इसे “नो रिजल्ट” घोषित कर दिया गया। मैच रुकने से पहले रीवा जैगुआर्स 7.2 ओवर में 4 विकेट पर 41 रन बना चुकी थी। बारिश के बाद फैसला लीग चरण की रैंकिंग के आधार पर किया गया, जिसमें बेहतर प्रदर्शन के चलते रॉयल निमाड़ ईगल्स को विजेता मानते हुए फाइनल में प्रवेश दिया गया।

टॉस जीतकर रॉयल निमाड़ ईगल्स ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया और उनके गेंदबाजों ने शुरुआत से ही रीवा पर दबाव बना दिया। रीवा की पारी की शुरुआत खराब रही और टीम ने सिर्फ 2 रन पर पहला विकेट खो दिया। इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। कप्तान पृथ्वीराज सिंह तोमर ने 22 गेंदों पर 25 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें समर्थन नहीं मिला। बारिश के समय सागर सोलंकी 5 रन पर नाबाद थे, जबकि रीवा की टीम दबाव में नजर आ रही थी।

गेंदबाजी में रॉयल निमाड़ ईगल्स के लिए कुमार कार्तिकेय सबसे सफल रहे, जिन्होंने 2 ओवर में केवल 5 रन देकर 2 विकेट झटके। परुष मंडल और धर्मेश पटेल ने भी 1-1 विकेट हासिल कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। लीग चरण में रॉयल निमाड़ ईगल्स ने 9 मैचों में 7 जीत के साथ 15 अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया था, जबकि रीवा जैगुआर्स 11 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही। इसी बेहतर रैंकिंग के आधार पर बारिश से प्रभावित सेमीफाइनल का निर्णय ईगल्स के पक्ष में गया और टीम ने MPL 2026 के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here