नई दिल्ली : वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 से ठीक एक दिन पहले अपना 15वां जन्मदिन मनाया था और इसके तुरंत बाद मैदान पर उतरते ही उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से सबको चौंका दिया। 30 मार्च को अपने डेब्यू मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ उन्होंने मैट हेनरी, नूर अहमद और खलील अहमद जैसे वर्ल्ड क्लास गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और महज 15 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया। वैभव ने कुल 17 गेंदों पर 52 रन की विस्फोटक पारी खेली। इस शानदार प्रदर्शन के बावजूद वह प्लेयर ऑफ द मैच नहीं बन सके, लेकिन फिर भी उनकी धमाकेदार बल्लेबाजी के लिए उन्हें तीन अलग-अलग अवॉर्ड से नवाजा गया।
माइकल वॉन की मांग: वैभव को तुरंत टीम इंडिया में मौका दो
मैच के बाद माइकल वॉन ने क्रिकबज पर बातचीत करते हुए वैभव सूर्यवंशी के लिए बड़ा बयान दिया और सीधे तौर पर उन्हें टीम इंडिया के लिए डेब्यू कैप देने की मांग कर दी। वॉन का मानना है कि अगर यह दांव काम कर गया तो भारत को लंबे समय तक इसका फायदा मिल सकता है। वैभव ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ आईपीएल 2026 की शुरुआत भी उसी अंदाज में की, जैसे उन्होंने पिछले सीजन का अंत किया था। पिछले सीजन में उन्होंने 7 पारियों में 252 रन बनाकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया था, और इस बार भी उसी लय को बरकरार रखते हुए टीम के लिए अहम योगदान दे रहे हैं।
वैभव सूर्यवंशी को मिले कौन से 3 अवॉर्ड?
वैभव सूर्यवंशी को 17 गेंद पर 52 रन की तूफानी पारी के बाद तीन अवॉर्ड इस मैच में मिले। उन्हें सबसे ज्यादा चौके, सबसे ज्यादा छक्के के अलावा सुपर स्ट्राइकर ऑफ द मैच भी चुना गया। वैभव ने 300 से ऊपर के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। आइए देखते हैं कौन से तीन अवॉर्ड 15 वर्षीय खिलाड़ी को मिले:-
- सुपर 4s ऑफ द मैच: वैभव सूर्यवंशी ने अपनी पारी में चार चौके लगाए और उन्हें मैच के बाद यह अवॉर्ड मिला। इसकी प्राइज मनी 1 लाख रुपये थी।
- सुपर 6s ऑफ द मैच: वैभव ने 52 रन की पारी में 5 बेहतरीन छक्के लगाए और उन्हें सुपर 6 का अवॉर्ड भी मिला। इसकी प्राइज मनी भी 1 लाख रुपये थी।
- सुपर स्ट्राइकर ऑफ द मैच: राजस्थान के सलामी बल्लेबाज ने अपनी 17 गेंद की पारी में 300 से ऊपर के स्ट्राइक रेट से 52 रन बनाए और यह अवॉर्ड जीता। इसकी प्राइज मनी में भी वैभव को 1 लाख रुपये मिले।


