नई दिल्ली: आज आईपीएल 2024 का नौवां मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला जा रहा है। दिल्ली के कप्तान पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। राजस्थान ने 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 185 रन बनाए और दिल्ली को 186 रन का लक्ष्य थमाया है।
राजस्थान ने तैयार किया 186 रन का लक्ष्य
आईपीएल 2024 का नौंवा मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जा रहा है जिसमें मेजबानों ने मेहमानों के खिलाफ 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 185 रन का स्कोर तैयार किया और दिल्ली को 186 रन का लक्ष्य थमाया। बल्लेबाजी के दौरान संजू सैमसन की टीम को संघर्ष करते देखा गया। टीम को पहला झटका सिर्फ नौ रन के स्कोर पर लगा। यशस्वी जायसवाल सिर्फ पांच रन बना सके और पवेलियन लौट गए। दिल्ली के खिलाफ राजस्थान ने 36 रन के स्कोर पर तीन विकेट खो दिए थे। टीम को दूसरा झटका जोस बटलर के रूप में लगा जो सिर्फ 11 रन बना सके जबकि संजू सैमसन 15 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए रविचंद्रन अश्विन आए। उन्होंने रियान पराग के साथ चौथे विकेट के लिए 54 रन की साझेदारी निभाई। अश्विन ने इस मैच में 19 गेंदों का सामना किया और 29 रन बनाए। इसके बाद ध्रुव जुरेल ने भी 20 रन की तेज पारी खेली। उन्होंने 12 गेंदों का सामना किया और तीन चौके जड़े। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए शिमरोन हेटमायर उतरे। उन्होंने रियान पराग के साथ 43 रन की नाबाद साझेदारी निभाई। हेटमायर इस मैच में 14 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, रियान पराग ने तूफानी पारी की बदौलत राजस्थान का स्कोर 180 के पार पहुंचा दिया। उन्होंने 45 गेंदों का सामना किया और सात चौकों और छह छक्कों की मदद से 84 रन बनाए। आखिरी ओवर में उन्होंने शिमरोन हेटमायर को निशाना बनाया और 25 रन बटोरे। पराग भी इस मैच में नाबाद रहे। दिल्ली के लिए खलील अहमद, मुकेश कुमार, एनरिच नॉर्खिया, अक्षर पटेल और कुलदीप यादव ने एक-एक विकेट चटकाया।


