नई दिल्ली : ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 में 11 फरवरी को ग्रुप-डी का अहम मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया, जिसमें अफगानिस्तान और साउथ अफ्रीका की टीमें आमने-सामने थीं। पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 187 रन बनाए। अफगानिस्तान की ओर से अजमतुल्लाह ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए, जबकि कप्तान राशिद खान ने 2 विकेट चटकाए। जवाब में अफगानिस्तान की टीम भी 20 ओवर में 187 रन पर ही आउट हो गई, जिससे मैच सुपर ओवर तक चला गया। सुपर ओवर में अफगानिस्तान ने 17 रन बनाए, और अब जीत के लिए साउथ अफ्रीका को 18 रन बनाने होंगे।
अफगानिस्तान की पारी का आगाज शानदार हुआ। गुरबाज और जादरान ने 4 ओवर में 50 रन स्कोरबोर्ड पर ठोक दिए। हालांकि, अगले ही ओवर में लुंगी एनगिडी ने इब्राहिम जादरान को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। जादरान ने सिर्फ 12 रन बनाए। इसी ओवर में गुलबदीन नायब बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। सेदिक अटल भी छठे ओवर में डक पर आउट हो गए। अफगानिस्तान की पारी अचानक लड़खड़ा गई है। पावरप्ले में अफगानिस्तान ने शुरुआत तो अच्छी की लेकिन 6 ओवर खत्म होने तक 3 बड़े विकेट भी गंवा दिए। 11 ओवर में अफगानिस्तान ने 100 रन का आंकड़ा छू लिया है।
अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर लिया फैसला
इससे पहले अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दोनों टीमों ने अपनी प्लेइंग इलेवन में एक-एक बदलाव किया है। अफगानिस्तान की ओर से जिया-उर-रहमान इस मुकाबले में नहीं खेल रहे हैं और उनकी जगह युवा स्पिनर नूर अहमद को शामिल किया गया, जिससे टीम का गेंदबाजी आक्रमण और मजबूत हुआ है। वहीं, साउथ अफ्रीका ने भी एक बदलाव किया है; कॉर्बिन बॉश को बाहर रखा गया और उनकी जगह ऑलराउंडर जॉर्ज लिंडे को प्लेइंग इलेवन में मौका मिला है।
आज का मुकाबला अफगान टीम के लिए बेहद अहम है। न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरुआती हार के बाद अब अफगानिस्तान के पास गलती की कोई गुंजाइश नहीं बची है। अफगानिस्तान इस मैच में पिछले वर्ल्ड कप की उपविजेता साउथ अफ्रीका को चुनौती देने के इरादे से उतरा है। हालात ऐसे हैं कि यह मुकाबला उनके लिए लगभग ‘करो या मरो’ जैसा बन चुका है। वजह साफ है, हर ग्रुप से सिर्फ दो टीमें ही सुपर-8 चरण में जगह बना पाएंगी।


