सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन ने दिखाया जलवा, समित द्रविड़ को 9 रन पर किया पवेलियन रवाना

0

नई दिल्ली: कर्नाटक के अलूर में सोमवार, 22 सितंबर को के. थिमप्पिया मेमोरियल टूर्नामेंट में एक खास मुकाबला देखने को मिला, जब भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गज — सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ — के बेटे आमने-सामने हुए। गोवा की ओर से खेलते हुए अर्जुन तेंदुलकर ने कर्नाटक सेक्रेटरी इलेवन की ओर से खेलने वाले समित द्रविड़ का विकेट चटकाकर इस मुकाबले को यादगार बना दिया। अर्जुन की गेंदबाज़ी के आगे समित ज्यादा देर टिक नहीं सके और मात्र 9 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, जिससे यह मुकाबला और भी खास बन गया।

समित द्रविड़ ने 26 गेंदों पर 9 रनों की अपनी पारी के दौरान दो चौके लगाए। एक शॉट लॉन्ग ऑफ की ओर गया जबकि दूसरा कवर्स में गया। हालांकि, अर्जुन तेंदुलकर ने उन्हें काशब बाकले के हाथों कैच करा दिया। इस टूर्नामेंट में कर्नाटक के कुछ शीर्ष खिलाड़ी हिस्सा हैं। इनमें हाल ही में इंग्लैंड का दौरा करने वाले खिलाड़ी करुण नायर और प्रसिद्ध कृष्णा भी शामिल हैं। करुण इस मैच में खेल रहे हैं और वह 3 रन बनाकर आउट हुए।

कर्नाटक की पारी लड़खड़ाई, शुरुआती विकेटों ने बढ़ाई मुश्किलें

के. थिमप्पिया मेमोरियल टूर्नामेंट के दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक कर्नाटक ने 8 विकेट पर 245 रन बना लिए हैं। कृतिक कृष्णा 89 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं, जबकि अभिषेक अहलावत बिना खाता खोले उनका साथ दे रहे हैं। लोचन गौड़ा ने 88 रनों की अहम पारी खेली। अन्य बल्लेबाजों में फैजान खान ने 29 और राजवीर वाधवा ने 14 रन बनाए। समित द्रविड़ 9 रन, माधव बजाज 4 रन और करुण नायर केवल 3 रन बनाकर पवेलियन लौटे। वहीं निकिन जोस और ध्रुव पी खाता खोले बिना आउट हो गए। कर्नाटक की टीम अब अंतिम विकेट के साथ स्कोर को आगे ले जाने की कोशिश में है।

अर्जुन ने दिखाया दम, 3 बल्लेबाज़ों को किया पवेलियन रवाना

गोवा की ओर से शानदार प्रदर्शन करते हुए अर्जुन तेंदुलकर ने 3 विकेट झटके, जबकि मोहित रेडकर को 2 सफलताएं मिलीं। कोशिक वी और अभिनव तेजराणा ने भी 1-1 विकेट अपने नाम किए। इससे पहले गोवा ने पहली पारी में मजबूत बल्लेबाज़ी करते हुए 338 रन बनाए, जिसमें ललित यादव ने शानदार 113 रनों की नाबाद पारी खेली, जबकि अभिनव तेजराणा ने 88 रन जोड़े। अर्जुन तेंदुलकर ने भी बल्लेबाज़ी में योगदान देते हुए 9 रन बनाए। कर्नाटक की ओर से समित द्रविड़ ने 2 विकेट हासिल किए। यह मुकाबला इस वर्ष रणजी ट्रॉफी 2025-26 सीज़न की तैयारियों के तहत आयोजित के. थिमप्पिया मेमोरियल टूर्नामेंट में खेला जा रहा है, जो खिलाड़ियों को अपनी फॉर्म और फिटनेस को परखने का बेहतरीन मौका दे रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here