साहन अराच्चिगे की नाबाद फिफ्टी से श्रीलंका-ए मजबूत, पहले दिन 288/5; यश ठाकुर और सारांश जैन ने झटके दो-दो विकेट

0

गॉल (श्रीलंका)। भारत-ए और श्रीलंका-ए के बीच खेले जा रहे दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट के पहले दिन मेजबान टीम ने मजबूत स्थिति बना ली। पहले दिन का खेल समाप्त होने तक श्रीलंका-ए ने 85 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 288 रन बना लिए। कप्तान साहन अराच्चिगे 148 गेंदों पर 83 रन बनाकर नाबाद लौटे और टीम को संभाले रखा।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी भारत-ए को शुरुआती सफलता जरूर मिली, लेकिन श्रीलंका-ए के बल्लेबाजों ने उपयोगी साझेदारियां निभाईं। ओपनर्स पवन्था वीरासिंघे (39) और सोहान डी लिवेरा (28) ने पहले विकेट के लिए 53 रन जोड़े। इसके बाद नुवानिडु फर्नांडो (44) और अशेन बंडारा (34) ने पारी को मजबूती दी।

171 रन पर चौथा विकेट गिरने के बाद कप्तान साहन अराच्चिगे और विकेटकीपर अंजला बंडारा ने पांचवें विकेट के लिए 99 रन की अहम साझेदारी कर भारत-ए की वापसी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। बंडारा 42 रन बनाकर आउट हुए, जबकि दिन का खेल खत्म होने तक चामिका गुणसेकरा 6 रन बनाकर साहन का साथ दे रहे थे।

भारत-ए की ओर से यश ठाकुर और सारांश जैन सबसे सफल गेंदबाज रहे। दोनों ने दो-दो विकेट लिए। यश ठाकुर ने 14 ओवर में 32 रन देकर दो विकेट झटके, जबकि सारांश जैन ने 24 ओवर में 77 रन देकर दो बल्लेबाजों को आउट किया। गुरनूर बरार को एक विकेट मिला, जबकि आकिब नबी और जिशान अंसारी को सफलता नहीं मिली।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here