SAI भोपाल के जूडो खिलाड़ियों का एशिया कप 2025 में जलवा, भारत के लिए जीते 5 पदक

0

(NST News) भोपाल. भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (NCOE), भोपाल के जूडो खिलाड़ियों ने ताइपेई (ताइवान) में आयोजित एशियन कैडेट एवं जूनियर जूडो कप 2025 में भारत के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 5 पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। यह प्रतियोगिता 16 से 17 जुलाई 2025 तक आयोजित की गई थी, जिसमें एशिया के शीर्ष जूडो खिलाड़ियों ने भाग लिया।

प्रतियोगिता में SAI NCOE भोपाल के खिलाड़ियों ने जबरदस्त तकनीक और आत्मविश्वास के साथ खेलते हुए 3 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य पदक जीते। इस प्रदर्शन ने भारत की पदक तालिका को मजबूत किया और भारतीय जूडो के भविष्य को आशाजनक दिशा दी।

जूनियर वर्ग में -63 किग्रा भार वर्ग की हिमांशी टोकस ने स्वर्ण पदक जीतकर शानदार शुरुआत की। इसके अलावा +78 किग्रा भार वर्ग में कंवरप्रीत कौर ने रजत पदक अपने नाम किया।

कैडेट वर्ग में तानिया राठौर ने -40 किग्रा वर्ग में और रंजीता कोरेटी ने -52 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का नाम रोशन किया। वहीं लगन ने -57 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया।

SAI भोपाल की इस उपलब्धि पर क्षेत्रीय निदेशक श्री अभिषेक सिंह चौहान ने पदक विजेताओं को बधाई दी और कहा कि यह प्रदर्शन खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कोचिंग स्टाफ और पूरे प्रशिक्षण तंत्र की भी सराहना की।

SAI भोपाल वर्षों से खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण देकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को गौरव दिला रहा है। इस उपलब्धि ने यह एक बार फिर साबित कर दिया है कि देश की खेल प्रतिभाएं सही मार्गदर्शन और संसाधनों के साथ दुनिया में शीर्ष पर पहुंच सकती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here