गॉल (श्रीलंका)। भारत-ए के युवा बल्लेबाज बी साई सुदर्शन ने शानदार 168 रन की मैराथन पारी खेलकर दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट में टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक इंडिया-ए ने 8 विकेट पर 541 रन बना लिए और श्रीलंका-ए पर 175 रन की अहम बढ़त हासिल कर ली। तीसरे दिन साई सुदर्शन ने अपने पिछले दिन के नाबाद 104 रन को 168 तक पहुंचाया। उन्होंने करीब 417 मिनट तक संयमित बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका-ए के गेंदबाजों को थकाया। हालांकि देवदत्त पडिक्कल 94 रन पर शतक से चूक गए, जबकि ऋतुराज गायकवाड़ 13 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए। कप्तान ध्रुव जुरेल ने 53, शेख रशीद ने 45 और सारांश जैन ने नाबाद 68 रन की उपयोगी पारी खेली। सारांश जैन और आकिब नबी (30) ने आठवें विकेट के लिए 81 रन जोड़कर टीम का स्कोर 500 के पार पहुंचाया। श्रीलंका-ए की ओर से केशरा नुवंता ने 4 विकेट लिए, जबकि दिलुम सुदीरा ने 3 बल्लेबाजों को आउट किया। अब चौथे दिन इंडिया-ए की कोशिश बड़ी बढ़त हासिल कर श्रीलंका-ए पर जीत का दबाव बनाने की होगी।


