नई दिल्ली: एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम की घोषणा से ठीक पहले विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने शुक्रवार (15 अगस्त) को प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में शानदार वापसी की। आईपीएल में अपनी टीम राजस्थान रॉयल्स से ट्रेड को लेकर लगातार सुर्खियों में रहने वाले संजू ने तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए एक प्रदर्शनी मैच में जबरदस्त बल्लेबाज़ी का प्रदर्शन किया और अपनी लय वापस पाने के संकेत दिए। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर केरल क्रिकेट संघ (KCA) ने राज्य के शीर्ष खिलाड़ियों की मौजूदगी में एक मैत्रीपूर्ण टी20 मुकाबले का आयोजन किया। यह मैच ग्रीनफील्ड क्रिकेट स्टेडियम में नए फ्लडलाइट्स के उद्घाटन के बाद खेला गया। इस विशेष मुकाबले में संजू सैमसन को केसीए सेक्रेटरी XI की कप्तानी सौंपी गई, जबकि अनुभवी बल्लेबाज सचिन बेबी ने केसीए प्रेसिडेंट XI का नेतृत्व किया।
आईपीएल के बाद पहली बार उतरे मैदान में
राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल 2025 अभियान निराशाजनक तरीके से खत्म होने के बाद संजू सैमसन ने मैदान पर शानदार वापसी की। प्रेसिडेंट इलेवन के खिलाफ 185 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए वह चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे। शुरुआत में उनकी पारी थोड़ी धीमी रही, लेकिन पावरप्ले के बाद उन्होंने लय पकड़ी और आक्रामक अंदाज में रन बनाए। इस दौरान सैमसन ने अपनी पारी में दो चौके और तीन छक्के जड़े।
मैच खत्म करने से चूके संजू सैमसन
सैमसन अंततः 36 गेंदों पर 54 रन बनाकर आउट हो गए। तब उनकी टीम को तीन गेंदों में तीन रन चाहिए थे। हालांकि, सेक्रेटरी XI को गेंदबाज बेसिल थम्पी ने पहली गेंद पर विजयी छक्के लागकर जीत दिला दी। बेबी की टीम को एक विकेट से हार का सामना करना पड़ा।
लंबे अंतराल के बाद केरल की ओर से खेले संजू सैमसन
पिछले साल दिसंबर में 30 वर्षीय संजू सैमसन को विजय हजारे ट्रॉफी की तैयारी के कैंप में शामिल न होने के कारण केरल टीम से बाहर कर दिया गया था। इसके बाद से उन्होंने केरल क्रिकेट संघ के तहत कोई मुकाबला नहीं खेला। हालांकि, फरवरी में रणजी ट्रॉफी के नॉकआउट चरण में उनकी वापसी की उम्मीद थी, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ टी20 मुकाबले के दौरान लगी फ्रैक्चर की चोट ने उन्हें मैदान से दूर कर दिया।
ग्रीनफील्ड स्टेडियम में नयी फ्लडलाइट का आगाज़
तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड स्टेडियम को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बताया जा रहा है कि यहां महिला वनडे वर्ल्ड कप के कुछ मैच आयोजित किए जा सकते हैं। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के मुकाबले यहां शिफ्ट किए जा सकते हैं। इसी तैयारी के तहत शुक्रवार को स्टेडियम में आधुनिक फ्लडलाइट का उद्घाटन किया गया, जिसमें चार टावर और 392 एलईडी लाइट्स लगाई गई हैं। केसीए सचिव विनोद एस. कुमार ने जानकारी दी कि इस पूरी परियोजना पर 18 करोड़ रुपये का खर्च आया है।


