कोलकाता। टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में स्कॉटलैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इटली को 73 रन से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। ग्रुप-सी के इस मुकाबले में स्कॉटलैंड ने न सिर्फ जीत हासिल की, बल्कि इस वर्ल्ड कप का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर भी खड़ा कर दिया। कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले गए मैच में इटली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन स्कॉटलैंड के बल्लेबाजों ने आक्रामक खेल दिखाते हुए इस फैसले को गलत साबित कर दिया। स्कॉटलैंड ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 207 रन बनाए।
टीम की पारी की नींव ओपनर जॉर्ज मुन्से और माइकल जोन्स ने रखी। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 126 रन की साझेदारी हुई। मुन्से ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 84 रन बनाए। उनका विकेट ग्रांट स्टीवर्ट ने लिया, जो टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में इटली का पहला विकेट भी रहा। माइकल जोन्स ने 37 रन बनाए, जबकि ब्रैंडन मैकमुलेन 41 रन बनाकर नाबाद रहे। अंत में माइकल लीस्क ने सिर्फ 5 गेंदों पर नाबाद 22 रन ठोके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इटली की टीम स्कॉटलैंड की सटीक गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और 17.4 ओवर में 9 विकेट खोकर 134 रन ही बना पाई। इटली के कप्तान वेन मैडसेन कंधे में चोट के कारण बल्लेबाजी के लिए नहीं उतर सके।
इटली की ओर से बेन मैनेंटी ने 31 गेंदों पर 52 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। उनके छोटे भाई हैरी मैनेंटी ने 37 रन बनाए। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 73 रन की साझेदारी हुई, लेकिन यह जीत के लिए पर्याप्त नहीं रही। स्कॉटलैंड की जीत के हीरो माइकल लीस्क रहे। उन्होंने नाबाद 22 रन बनाने के साथ गेंदबाजी में 4 विकेट झटके और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उनके अलावा मार्क वॉट को 2 विकेट मिले, जबकि ब्रैड करी, ब्रैड व्हील और ओलिवर डेविडसन ने 1-1 विकेट लिया।


