भोपाल (Nst News):दो बार की मौजूदा चैंपियन और एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के राउंड रॉबिन मुकाबले में दक्षिण कोरिया को 2-1 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। शनिवार को खेले गए इस मुकाबले में भारत की ओर से मुमताज खान और सुनेलिता टोप्पो ने गोल किए। भारत ने इससे पहले गुरुवार को टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में मलेशिया को 4-1 से शिकस्त दी थी। भारतीय टीम अब रविवार को अपने अगले मुकाबले में थाईलैंड से भिड़ेगी।
पहले क्वार्टर में गोल करने में नाकाम रहा भारत
भारतीय खिलाड़ियों ने पहले ही मिनट से अटैक करना शुरू कर दिया था। भारत ने पहले क्वार्टर में पांच पेनल्टी कॉर्नर बनाए। मगर वो एक बार भी गोल नहीं दाग पाया। कोरिया ने पहले क्वार्टर में शानदार डिफेंस का मुजायरा पेश किया। हालांकि, दूसरे क्वार्टर में भारत ने कोरिया के डिफेंस को भेद बढ़त हासिल की।
मुमताज ने गोल दागकर भारत को दिलाई बढ़त
भारतीय टीम को दूसरे क्वार्टर में भी दो पेनल्टी कॉर्नर मिले। मगर वो गोल करने में नाकामयाब रहा। हालांकि 29 मिनट और 14वें सेकेंड में भारत की ओर से शानदार फील्ड गोल आया। भारतीय खिलाड़ियों ने कोरिया के प्लेयर्स को चकमा देते हुए डी में एंट्री मारी और मुमताज खान ने बेहतरीन गोल कर भारत को बढ़त दिला दी।
दूसरे हाफ में भारत ने दागा एक और शानदार गोल
भारतीय महिला टीम ने दूसरे हाफ की शानदार शुरूआत की। भारत ने इस क्वार्टर में भी पीसी बनाए। इस बार टीम ने पीसी का फायदा उठाया। सुनेलिता टोप्पो ने शानदार डिफ्लेक्शन कर कोरिया के गोलकीपर को चकमा दिया और भारत को मैच में 2-0 से आगे कर दिया।
अंतिम क्वार्टर में कोरियाई टीम ने बढ़ाया दबाव
भारत लगातार अटैक कर कोरिया पर दबाव बना रहा था। मगर कोरिया ने शानदार डिफेंस दिखाया और भारत को तीसरा गोल करने से रोका। हालांकि कोरिया ने मैच में 55वें मिनट में वापसी की। होंग योनग्यून ने शानदार गोल दागकर भारत पर दबाव बनाने की कोशिश की। लेकिन भारतीय टीम ने आखिरी के पांच मिनटों में कोरिया को दूसरा गोल दागने नहीं दिया और मुकाबला अपने नाम किया।

-
सभी फोटो मनीष शुक्ला के कैमरे से।


