सीनियर खिलाड़ियों ने कोच जी. एस. पठानिया को याद किया, ऐतिहासिक मिलन समारोह आयोजित

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। भोपाल के खेल और क्रिकेट जगत में पहली बार सीनियर खिलाड़ियों का ऐसा भव्य मिलन समारोह आयोजित किया गया, जो 1976 से 2000 के बीच क्रिकेट खेलने वाले पूर्व खिलाड़ियों के लिए समर्पित रहा। यह आयोजन आर.सी.सी.सी. (रिटायर्ड क्रिकेटर्स क्लब) द्वारा स्थानीय भोपाल हाट में किया गया। बताया गया कि वर्ष 1976 में खेल विभाग के अंतर्गत साई क्रिकेट कोच जी. एस. पठानिया की टीटी नगर स्टेडियम में पोस्टिंग हुई थी। यहीं से नए भोपाल में संगठित क्रिकेट प्रशिक्षण की शुरुआत हुई। पठानिया सर के मार्गदर्शन में कई खिलाड़ियों ने क्रिकेट की बारीकियां सीखीं और खेल के साथ जीवन में अनुशासन व सफलता का रास्ता अपनाया। आर.सी.सी.सी. के वरिष्ठ सदस्य शैलेष शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में पठानिया सर से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके 100 से अधिक पूर्व क्रिकेटर क्लब से जुड़ चुके हैं। मिलन समारोह में करीब 70 सीनियर और जूनियर क्रिकेटरों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान सभी ने स्व. जी. एस. पठानिया को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही भविष्य में जरूरतमंद खिलाड़ियों की मदद करने, सामाजिक कार्यों में सहभागिता और नियमित खेल आयोजनों का संकल्प लिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here