अंडर-19 वर्ल्ड कप के हीरो की जोरदार वापसी, यश ढुल ने डीपीएल 2026 में बल्ले से रचा कमाल

0

नई दिल्ली : क्रिकेट में हर खिलाड़ी का सफर हमेशा एक जैसा नहीं रहता। कभी शानदार शुरुआत के बाद रास्ते मुश्किल हो जाते हैं, तो कभी यही मुश्किलें खिलाड़ी की असली पहचान बन जाती हैं। यश ढुल की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। अपनी कप्तानी में भारत को अंडर-19 विश्व कप का खिताब दिलाने वाले यश ढुल ने आईपीएल 2023 में चार मैचों की तीन पारियों में सिर्फ 16 रन बनाए थे। हालांकि, इसके बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत करते हुए अपने खेल को निखारने पर ध्यान दिया।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इसके बाद उन्हें कई चुनौतियों से गुजरना पड़ा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। अब दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 में यश ढुल ने नौ पारियों में 410 रन और 214.66 के स्ट्राइक रेट के साथ जोरदार वापसी की है। यश ढुल ने 47 गेंदों में शतक जड़कर बता दिया कि मुश्किल दौर चाहे कितना भी लंबा क्यों न हो, सही मौके पर बल्ले से दिया गया जवाब सबसे दमदार होता है।

दिल्ली की तंग गलियों से निकलकर यश विजय ढुल का क्रिकेट सफर पारिवारिक बलिदान, विपरीत परिस्थितियों से जूझने के जज्बे और कभी हार न मानने वाले हौसले की मिसाल रहा है। हाल ही में स्वास्थ्य और निजी चुनौतियों से उबरकर मैदान पर लौटे यश ढुल ने डीपीएल 2026 में अपनी कप्तानी और आक्रामक बल्लेबाजी से शानदार प्रभाव छोड़ा है। उनके प्रदर्शन ने न सिर्फ टीम को मजबूती दी, बल्कि उनकी वापसी को भी क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बना दिया है।

मुश्किलों के बीच परिवार का साथ, यश ढुल का हौसला

नई दिल्ली में 11 नवंबर 2002 को जन्में यश ढुल के लिए क्रिकेट का सफर कभी आसान नहीं था। आर्मी बैकग्राउंड वाले दादा और पिता ने यश ढुल के सपने को पंख देने के लिए अपनी कई जरूरतों से समझौता किया। पिता का त्याग इस पूरी कहानी की सबसे मजबूत नींव बना। उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं को पीछे छोड़कर यश ढुल के लिए बेहतरीन किट और कोचिंग सुनिश्चित की।

बचपन से ही घंटों शैडो प्रैक्टिस करना और हर मौसम में मैदान पर पसीना बहाना यश ढुल का नियम बन चुका था। U19 वर्ल्ड कप के दौरान कोविड से जंग जीतने से लेकर हाल की स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों तक, यश ढुल ने हमेशा मुश्किलों पर जीत दर्ज करते हुए यह साबित किया है कि मैदान के बाहर की जंग जीतकर ही मैदान में इतिहास रचा जाता है।

यश ढुल आईपीएल 2023 में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा थे। उस सीजन उन्होंने चार मैच की तीन पारियों में सिर्फ 16 रन बनाए, जिसमें उनका उच्चतम स्कोर 13 रन था। उनका स्ट्राइक रेट (69.56) भी कुछ खास नहीं था, लेकिन दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 में उनका बिल्कुल अलग कलेवर दिखा।

वापसी के बाद सेंट्रल दिल्ली किंग्स की कप्तानी संभालते हुए यश ढुल ने अपनी टीम को ना सिर्फ पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर पहुंचाया, बल्कि अपने खेल से सभी को चौंका भी दिया। यश ढुल ने डीपीएल (DPL) 2026 में नौ मैच की नौ पारियों में 51.25 के औसत और 214.66 के स्ट्राइक रेट से 410 रन बनाए। इसमें 35 चौके और 32 छक्के शामिल हैं। उनका उच्चतम स्कोर 100 रन है, जो उन्होंने 6 चौके और 9 छक्के की मदद से 47 गेंद में बनाए थे।

पांच अगस्त 2026 को पुरानी दिल्ली 6 के खिलाफ आतिशी शतकीय पारी खेलकर यश ढुल ने मैच के साथ-साथ प्रशंसकों का दिल भी जीत लिया। यही नहीं, यश ढुल ने 16 अगस्त को नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के खिलाफ महज 24 गेंदों में 69 रन ठोके थे।

इससे पहले न्यू दिल्ली टाइगर्स के खिलाफ 28 गेंद में 76 रन और 31 जुलाई को 45 गेंद में 72 रनों की विस्फोटक पारियां भी उनके बल्ले से निकलीं। हर मुश्किल पल में टीम के खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाना और शांत दिमाग से सही रणनीति बनाना उनकी कप्तानी की असली पहचान बन चुका है।

विराट का अंदाज, गिल वाला क्लास; यश ढुल का नया रंग

क्रिकेट दिग्गज यश ढुल में विराट कोहली जैसा जीत का जुनून और शुभमन गिल जैसी क्लासिक तकनीक देखते हैं। हालांकि, जो चीज यश ढुल को सबसे अलग बनाती है, वह है दबाव के क्षणों में उनका कूल रहना। लाल गेंद क्रिकेट (प्रथम श्रेणी) हो चाहे टी20 का तेज रफ्तार ड्रामा यश ढुल मैदान पर उसी तरह अडिग रहते हैं जैसे जिंदगी की कठिन परिस्थितियों में रहे हैं।

यश ढुल की मजबूत तकनीक, बेहतरीन टाइमिंग और पारंपरिक क्रिकेट शॉट्स के दम पर 214 से अधिक के स्ट्राइक रेट से बनाने की काबिलियत उन्हें अपनी पीढ़ी के खास बल्लेबाजों में शामिल करती है। यश ढुल ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अब तक 38 मैचों की 64 पारियों में 47.06 के औसत से 2777 रन बनाए हैं। उनका उच्चतम स्कोर नाबाद 200 रन है। टी20 क्रिकेट में वह अब तक 1087 रन बना चुके हैं।

यश ढुल का अगला लक्ष्य आईपीएल 2027

दिल्ली कैपिटल्स, नॉर्थ जोन, इंडिया A, इंडिया U19 और रेस्ट ऑफ इंडिया का प्रतिनिधित्व कर चुके यश ढुल ने रणजी डेब्यू की दोनों पारियों में शतक जड़कर इतिहास रचा था। अब अपनी इस हालिया आक्रामक वापसी से उन्होंने साफ कर दिया है कि उनमें भारतीय क्रिकेट के भविष्य का बैकबोन बनने की क्षमता है। डीपीएल 2026 में अपने आक्रामक खेल का लोहा मनवाने के बाद यश ढुल की नजरें अब अब आईपीएल 2027 और भारतीय टीम में चुने जाने को लेकर हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here