नई दिल्ली: IPL की टीम RCB के तेज गेंदबाज यश दयाल की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। जयपुर पुलिस ने उनके खिलाफ एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। उत्तर प्रदेश के रहने वाले 27 वर्षीय इस क्रिकेटर पर इससे पहले भी गाजियाबाद की एक महिला द्वारा यौन शोषण का गंभीर आरोप लगाया गया था, जिससे उनकी मुश्किलें और गहरा गई हैं। महिला का आरोप है कि दयाल ने पांच साल के रिश्ते के दौरान शादी का वादा करके उसका यौन शोषण किया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जयपुर के सांगानेर सदर थाने के एसएचओ अनिल जयमन ने बताया कि ताजा एफआईआर बुधवार (23 जुलाई) को दर्ज की गई।
गंभीर आरोपों में घिरे यश दयाल, क्रिकेट करियर पर संकट के बादल
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अनिल जयमन ने कहा, यश दयाल के खिलाफ यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। मामला नाबालिग लड़की से जुड़ा होने के कारण पोक्सो अधिनियम की धाराएं भी लगाई गई हैं। इसके अलावा बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की संबंधित धाराओं के तहत भी कार्रवाई की गई है। जयमन के अनुसार, पीड़िता ने आरोप लगाया है कि खिलाड़ी ने उसके साथ पहली बार 2023 में यौन उत्पीड़न किया था जब वह 17 साल की थी और इसी साल अप्रैल में सीतापुरा इलाके के एक होटल में भी उत्पीड़न हुआ था।
सपनों को साकार करने में पूर्ण सहयोग का वादा
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एसएचओ ने कहा, लड़की ने आरोप लगाया कि क्रिकेटर ने उसके करियर बनाने में मदद और सहयोग का झांसा दिया था। इस साल अप्रैल में जब वह आईपीएल के लिए जयपुर में था, तब उसने उससे संपर्क किया और उसे होटल में बुलाया, जहां उसने कथित तौर पर उसके साथ फिर से दुष्कर्म किया।
अब तक चुप हैं यश दयाल
यश दयाल ने अब तक न तो जयपुर में दर्ज एफआईआर पर और न ही गाजियाबाद के मामले में कोई बयान जारी किया है। उनकी चुप्पी इन मामलों को लेकर और भी सवाल खड़े कर रही है। मध्यम गति के गेंदबाज दयाल भारतीय घरेलू सर्किट में एक जाने-माने गेंदबाज हैं। उन्होंने 2018 में उत्तर प्रदेश के लिए पदार्पण किया और तब से 27 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं। इनमें 84 विकेट लिए हैं।उन्होंने 71 टी20 मैचों में 66 विकेट लिए हैं।
आरसीबी को चैंपियन बनने में मदद की
दयाल ने 2022 में गुजरात टाइटंस के साथ अपना आईपीएल करियर शुरू किया था, जहां उन्होंने अपनी गति और स्विंग से प्रभावित किया। इसके बाद 2024 की आईपीएल नीलामी में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने उन पर बड़ा दांव लगाते हुए उन्हें पांच करोड़ रुपये में खरीदा। RCB के लिए यह फैसला उनके तेज गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती देने के मकसद से किया गया था। उन्हें इस साल के सीजन के लिए भी बेंगलुरु टीम ने रिटेन किया था और रजत पाटीदार के नेतृत्व में ट्रॉफी जीतने वाली टीम के एक प्रमुख सदस्य थे।


