पदक अभियान को झटका, एशियन गेम्स से बाहर हुए नीरज चोपड़ा

0

नई दिल्ली : जापान में होने वाले एशियन गेम्स 2026 से पहले भारत की पदक उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा चोट के कारण एशियन गेम्स से बाहर हो गए हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। टखने में लिगामेंट टियर के कारण नीरज डायमंड लीग फाइनल में भी हिस्सा नहीं ले पाएंगे। दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज ने हाल ही में लुसाने डायमंड लीग में शानदार फॉर्म के संकेत दिए थे, जहां उन्होंने सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ थ्रो दर्ज किया था। हालांकि, अब चोट ने उनके अगले बड़े लक्ष्य की राह में बाधा डाल दी है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार नीरज चोपड़ा ने चोट की जानकारी देते हुए कहा, ‘कुछ समय की कड़ी मेहनत के बाद मुझे आखिरकार लगा कि मैं लुसाने में सीजन के बेस्ट थ्रो के साथ वह लय हासिल कर रहा हूं, जिसकी मुझे तलाश थी। बदकिस्मती से, कुछ ही समय बाद, ट्रेनिंग के दौरान मेरे टखने में लिगामेंट फट गया। अपने डॉक्टर और टीम से बात करने के बाद हमने तय किया है कि मैं इस सीजन के बाकी मुकाबलों में हिस्सा नहीं लूंगा। यह निराशाजनक है खासकर इसलिए क्योंकि मुझे लगा कि मैं अपनी लय पाने के करीब हूं। लेकिन मुश्किलें तो सफर का हिस्सा हैं। मेरा ध्यान अब फिट होने और और भी मजबूत होकर वापसी करने पर है।’

नीरज के सीजन का तीसरा मुकाबला था लुसाने डायमंड लीग

दोहा डायमंड लीग और कॉमनवेल्थ गेम्स के बाद लुसाने डायमंड लीग 2026 सीजन में नीरज चोपड़ा का तीसरा कॉम्पिटिटिव इवेंट था। चोट के कारण लंबे समय तक बाहर रहने के बाद उन्होंने जून में दोहा में वापसी की और 85.69 मीटर के थ्रो के साथ चौथे स्थान पर रहे। इसके बाद उन्होंने ग्लासगो में सिल्वर मेडल जीता, जहां उनका बेस्ट थ्रो 85.83 मीटर था।

नीरज चोपड़ा के लिए मिला-जुला रहा 2026 का सीजन

28 साल के नीरज चोपड़ा के लिए 2026 का सीजन उतार-चढ़ाव भरा रहा। ग्लासगो में उनके प्रदर्शन ने उन्हें पदक दिलाया, लेकिन श्रीलंका के रुमेश पथिरगे ने 89.75 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीतकर उन्हें पीछे छोड़ दिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार लुसाने डायमंड लीग को एशियन गेम्स से पहले नीरज की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा था, जहां उनसे भारत के लिए पदक जीतने की उम्मीद थी। हालांकि, टखने की चोट के कारण उन्हें एशियन गेम्स और डायमंड लीग फाइनल से बाहर होना पड़ा और इसी के साथ उनका 2026 का सीजन भी समाप्त हो गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here