शंकराचार्य विद्यालय भिलाई और एनएच गोयल वर्ल्ड स्कूल फाइनल में

0

रायपुर: टर्मिनेटर विप्रा स्कूल चैंपियंस ट्रॉफी में सेमीफाइनल मुकाबले हुए रोमांचक, चार नवंबर को होगा फाइनल एवं समापन समारोह

टर्मिनेटर विप्रा स्कूल चैंपियंस ट्रॉफी में शंकराचार्य विद्यालय हुडको भिलाई ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एमजीएम स्कूल रायपुर को सेमीफाइनल मुकाबले में 43 रनों से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। शंकराचार्य विद्यालय भिलाई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 101 रन बनाए। टीम की ओर से सोहम सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 52 रन बनाए, जबकि राजवीर सिंह राजपूत ने 15 रनों का योगदान दिया। एमजीएम स्कूल रायपुर की ओर से गेंदबाजी करते हुए श्रेयांश शर्मा ने 3 विकेट एवं भावेश पांडे ने 2 विकेट प्राप्त किए।

Shankaracharya school vs Gurunank school player of the match-Soham singh

102 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमजीएम स्कूल रायपुर की पूरी टीम 58 रनों पर ऑलआउट हो गई। एमजीएम की ओर से स्वप्नील ने सर्वाधिक 23 रन बनाए। शंकराचार्य विद्यालय की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए साहित्य ने 5 विकेट एवं सृजन साहू ने 2 विकेट हासिल किए। इस तरह शंकराचार्य विद्यालय हुडको भिलाई ने 43 रनों से मुकाबला जीतकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। शानदार बल्लेबाजी के लिए सोहम सिंह को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया।वहीं दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में एनएच गोयल वर्ल्ड स्कूल ने केपीएस सरोना को 187 रनों के बड़े अंतर से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।

क्वार्टर फाइनल मुकाबलों के परिणाम

सोमवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में एनएच गोयल वर्ल्ड स्कूल ने शिवम विद्यापीठ अमलेश्वर को, एमजीएम स्कूल रायपुर ने हेरिटेज पब्लिक स्कूल भिलाई को, केपीएस सरोना ने रेयान इंटरनेशनल स्कूल को तथा शंकराचार्य विद्यालय हुडको भिलाई ने गुरुनानक पब्लिक स्कूल को पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था।

कल होगा तीसरे स्थान के लिए मुकाबला

प्रतियोगिता में तीसरे स्थान के लिए 3 नवंबर को केपीएस सरोना एवं एमजीएम स्कूल रायपुर के मध्य मुकाबला खेला जाएगा। वहीं 4 नवंबर को प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला एवं भव्य समापन समारोह आयोजित किया जाएगा।उल्लेखनीय है कि टर्मिनेटर विप्रा स्कूल चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन 17 अक्टूबर से किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता प्रदेश में स्कूली क्रिकेट की सबसे बड़ी प्रतियोगिताओं में से एक है, जिसमें छत्तीसगढ़ की 32 स्कूली टीमों के 500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में कुल 56 मुकाबले खेले गए। आयोजन की विशेषता यह रही कि सभी मैचों का यूट्यूब पर सीधा प्रसारण किया गया तथा मैचों के लाइव स्कोर CricHeroes पर उपलब्ध कराए गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here