अरेरा प्रीमियर इंटर हाउस रिटर्न लीग: शिवाजी और वंदेमातरम हाउस ने फाइनल में बनाई जगह

0

NST news, भोपाल। अरेरा प्रीमियर इंटर हाउस रिटर्न लीग के अंतिम चरण में गुरुवार को खेले गए मुकाबलों में अंडर-12 वर्ग में शिवाजी हाउस और अंडर-14 वर्ग में वंदेमातरम हाउस ने शानदार जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश कर लिया। दोनों मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। अंडर-12 एज ग्रुप में शिवाजी हाउस और महाराणा प्रताप हाउस के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए शिवाजी हाउस ने 6 विकेट के नुकसान पर 94 रन बनाए। निर्भय सिंह ने 33 और लक्की यादव गर्ल्स ने 20 रनों का योगदान दिया। प्रताप हाउस की ओर से आध्य रानाडे ने 2 और विनायक गुप्ता ने 1 विकेट लिया, जबकि तीन बल्लेबाज रन आउट हुए। जवाब में महाराणा प्रताप हाउस की टीम संघर्ष के बावजूद लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी और 10 रन से मुकाबला हार गई। शिवाजी की ओर से अभ्युदय सिंह भदौरिया ने 3 विकेट लिए, जबकि आरव जाट और निर्भय सिंह ने 2-2 विकेट झटके। शानदार प्रदर्शन के लिए निर्भय सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

अंडर-14 वर्ग में वंदेमातरम और सत्यमेव जयते हाउस के बीच मुकाबला खेला गया। वंदेमातरम हाउस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 156 रन बनाए। शिवांश अग्रवाल ने नाबाद 48 रन, गुरप्रीत सिंह ने 21 और आरव सिंह ने 20 रन बनाए। सत्यमेव की ओर से संस्कार रघुवंशी ने 2 विकेट हासिल किए। जवाब में सत्यमेव जयते की टीम 55 रन पर ऑल आउट हो गई। आराध्या सिंह ने 18 और रुद्राक्ष चौहान ने 13 रन बनाए। वंदेमातरम की ओर से वंश पुवार ने 5 विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया, जबकि शानवी मंडलोई ने 2 विकेट लिए। वंदेमातरम ने यह मुकाबला 101 रन से जीत लिया। वंश पुवार को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। मैच के दौरान बीडीसीए के मुख्य प्रशिक्षक राजीव सक्सेना और स्टेट अंपायर इरफान सिद्दीकी ने खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। शुक्रवार को अंडर-12 वर्ग का फाइनल शिवाजी और पृथ्वी हाउस के बीच तथा अंडर-14 वर्ग का फाइनल वंदेमातरम और जयहिंद हाउस के बीच खेला जाएगा।

फोटो कैप्शन: राजीव सक्सेना प्लेयर आफ द मैच से निर्भय सिंह को पुरस्कृत करते हुए।

फाेटो कैप्शन: इरफ़ान सिद्दीकी स्टेट अंपायर वंश पुवार को प्लेयर आफ द मैच से पुरस्कृत करते हुए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here