नई दिल्ली : टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ इशान किशन ने क्या खूब पारी खेली। सच तो ये है कि इशान के खेल के आगे अन्य भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन फीका ही रहा और 77 रन बनाने वाले इस विकेटकीपर-बल्लेबाज ने प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब भी जीता, लेकिन भारतीय ड्रेसिंग रूप में उन्हें नहीं बल्कि शिवम दुबे को इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया।
भारतीय टीम में ये एक परंपरा सी बन गई है कि मैच के बाद ड्रेसिंग रूमें मैच पर सबसे ज्यादा प्रभाव डालने वाले खिलाड़ी को इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया जाता है। पाकिस्तान पर मिली जीत के बाद ये खिताब इशान नहीं बल्कि शिवम दुबे जीतने में सफल रहे। हालांकि पाकिस्तान के खिलाफ शिवम दुबे को गेंदबाजी में नहीं आजमाया गया, लेकिन बैटिंग और फील्डिंग में उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया।
शिवम दुबे ने खेली 27 रन की अहम पारी
पाकिस्तान के खिलाफ शिवम दुबे ने अच्छी बैटिंग की और आखिरी वक्त पर टीम के लिए अहम 27 रन की पारी खेली। शिवम ने ये रन 17 गेंदों पर एक छक्का और 3 चौकों की मदद से बनाए और इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 158.82 का रहा। शिवम दुबे इस मुकाबले में दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो गए, लेकिन उन्होंने अपना काम बखूबी किया और भारत का स्कोर 175 रन तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई।
शिवम ने पाकिस्तान के दो खिलाड़ियों का शानदार कैच लपका
शिवम दुबे ने पाकिस्तान के खिलाफ फील्डिंग के दौरान शानदार प्रदर्शन किया और दो मुश्किल कैच पकड़कर टीम इंडिया को बैकफुट पर धकेलने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने पहले तिलक वर्मा की गेंद पर शादाब खान का शानदार कैच पकड़ा, जो 14 रन पर खेल रहे थे। इसके बाद कुलदीप यादव की गेंद पर मोहम्मद नवाज का बेहतरीन कैच लपककर उन्होंने नवाज की सिर्फ 4 रन की पारी का अंत कर दिया। इन दो महत्वपूर्ण कैचों से भारत का काम और आसान हो गया और टीम इंडिया की जीत पक्की हो गई।


