चोटिल प्रशांत वीर की जगह शिवम शर्मा यूपी के एकादश में शामिल, सीरियस इंजरी रिप्लेसमेंट का इस्तेमाल

0

पटना। रणजी ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश की टीम ने चोटिल प्रशांत वीर की जगह बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर शिवम शर्मा को सीरियस इंजरी रिप्लेसमेंट के तौर पर एकादश में शामिल किया है। वीर को पहले दिन लंच से ठीक पहले फील्डिंग के दौरान कंधे में चोट लगी थी, जिसके बाद वह कम से कम तीन सप्ताह के लिए क्रिकेट से बाहर हो गए हैं।

मैच के दूसरे दिन की सुबह, जब मैच रेफरी को प्रशांत वीर की मेडिकल रिपोर्ट सौंपी गई, तब शिवम शर्मा को आधिकारिक रूप से यूपी की प्लेइंग-इलेवन में शामिल किया गया। शिवम ने मौके का पूरा फायदा उठाते हुए गेंदबाजी में असरदार प्रदर्शन किया।

दूसरे दिन शिवम शर्मा ने 18.5 ओवर गेंदबाजी करते हुए दो महत्वपूर्ण विकेट अपने नाम किए, जिनमें शतकवीर कुमार कुशाग्र का विकेट भी शामिल रहा। हालांकि, झारखंड ने मैच पर अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी। पहले दिन शरनदीप सिंह के शतक के बाद दूसरे दिन विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र ने 102 रन की पारी खेलते हुए झारखंड का स्कोर 500 रन के पार पहुंचा दिया।

यह दूसरी बार है जब रणजी ट्रॉफी में इस सीजन सीरियस इंजरी रिप्लेसमेंट नियम का इस्तेमाल किया गया है। इससे पहले अक्टूबर 2025 में कोलकाता में खेले गए बंगाल बनाम गुजरात मैच में बंगाल के बल्लेबाज काज़ी जुनैद सैफ़ी को चोटिल सुदीप चटर्जी की जगह टीम में शामिल किया गया था।

गौरतलब है कि यह नियम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लागू कन्कशन सब्स्टीट्यूट नियम से अलग है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर केवल सिर में लगी चोट के मामलों में ही सब्स्टीट्यूट की अनुमति होती है, जबकि रणजी ट्रॉफी में गंभीर शारीरिक चोट की स्थिति में सीरियस इंजरी रिप्लेसमेंट का प्रावधान है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here