Shooting: राष्ट्रीय कोच पर उनकी राइफल के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है

0

नई दिल्ली: कुछ निशानेबाजों के अभिभावकों ने एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय कोच पर उनकी राइफल के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। कथित तौर पर प्रभावित एक निशानेबाज के अभिभावक ने नाम बाहर न आने की शर्त पर न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि कोच ने उनके बेटे की राइफल से छेड़छाड़ कर दी थी। इसके बाद उन्हें नए उपकरण खरीदने पड़े। हालांकि, उन्होंने कोच की पहचान बताने से भी इनकार कर दिया। निशानेबाज के पिता ने कहा- कोच ने मेरे बेटे की बंदूक को खराब कर दिया, इस कारण हमें नई बंदूक खरीदनी पड़ी। विश्व कप से एक दिन पहले निशानेबाज की अनुमति के बिना कोच बंदूक में इस तरह के बदलाव कैसे कर सकता है। यह पिछले साल भोपाल में आईएसएसएफ विश्व कप के दौरान हुआ था। यह कोच जब भी टीम के साथ विदेश जाता है तब ऐसा होता है।

उन्होंने बताया कि कई निशानेबाज इस संबंध में एनआरएआई (भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ) को भी सूचित कर चुके हैं। हालांकि, एनआरएआई के महासचिव राजीव भाटिया ने इन आरोपों का खंडन किया और कहा कि उन्हें इस तरह की किसी घटना का पता नहीं है। उन्होंने कहा, ‘मुझे कोई पता नहीं है। किसी ने भी हमसे संपर्क नहीं किया। किसी ने भी हमारे पास शिकायत दर्ज नहीं की है। मुझे नहीं लगता कि ऐसा हुआ होगा। अगर ऐसा हुआ था तो फिर निशानेबाजों को खुलकर सामने आना चाहिए था। उनका चयन नहीं होने पर ही इस तरह के आरोप क्यों लगाए जा रहे हैं। भोपाल में विश्व कप पिछले साल मार्च में हुआ था और तब से काफी समय बीत चुका है।

एक अन्य निशानेबाज के पिता ने आरोप लगाया कि इस कोच का बंदूकों से छेड़छाड़ करने का पुराना रिकॉर्ड रहा है। उन्होंने कहा, ‘मेरा बेटा विश्व कप खेलने गया था और कोच ने जूरी (सदस्य) के साथ मिलकर बंदूक के साथ छेड़छाड़ की थी। कोच का बंदूकों के साथ छेड़छाड़ का पुराना रिकॉर्ड है। हम इसे एनआरएआई के संज्ञान में नहीं लाए क्योंकि हमें प्रतिशोध का डर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here