वर्ल्ड कप 2023 का सबसे लंबा सिक्स जड़ा श्रेयस अय्यर ने

0

नई दिल्ली.
भारत के मध्यक्रम के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर गुरुवार को श्रीलंका के खिलाफ वर्ल्ड कप 2023 मुकाबले में अलग ही अंदाज में नजर आए। अय्यर ने शुरू में थोड़ा धैर्य दिखाया और फिर आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने 56 गेंदों में 3 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 82 रन की पारी खेली। उन्होंने 36 गेंदों में अर्धशतक कंप्लीट कर लिया था। अय्यर ने एक जबरदस्त उपलब्धि अपने नाम कर ली है। वह वर्ल्ड कप 2023 में सबसे लंबा छक्का जड़ने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने कसुन रजिथा द्वारा डाले गए 36वें ओवर की चौथी गेंद पर 106 मीटर का छक्का मारा।

रजिथा ने लेंथ गेंद डाली, जिसके बाद अय्यर ने फ्रंटफुट पर आककर झन्नाटेदार शॉट खेला, जो लॉन्ग ऑफ के ऊपर से सिक्स के लिए गया। अय्यर 106 मीटर का सिक्स जड़ने के बाद ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल से दो कदम आगे निकल गए हैं। इससे पहले, मौजूदा टूर्नामेंट में सबसे बड़ा छक्का मारने का रिकॉर्ड मैक्सवेल के नाम दर्ज था। मैक्सवेल ने नीदरलैंड के विरुद्ध 104 मीटर का सिक्स जमाया था। लिस्ट में तीसरे नंबर पर फिर से अय्यर हैं। उन्होंने अफगानिस्तान के सामने 101 मीटर का सिक्स जड़ा। उनके बाद, न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल का नंबर हैं। मिचेल ने भारत के खिलाफ 98 मीटर का छक्का ठोका।

इंडिया वर्सेस श्रीलंका मैच की बात करें तो रोहित ब्रिगेड ने टॉस गंवाने के बाद पहले बैटिंग की। भारत की शुरुआथ निराशाजनक रही। कप्तान रोहित शर्मा 2 गेंदों में 4 रन ही बना सके। वह पहले ओवर में पवेलियन लौटे। शुभमन गिल और विराट कोहली ने टिककर बल्लेबाजी की लेकिन दोनों शतक से चूक गए। गिल ने 92 गेंदों में 92 और कोहली ने 94 गेंदों में 88 रन पारी खेली। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 189 रन की साझेदारी की। अय्यर और राहुल (19 गेंदों में 21) ने चौथे विकेट के लिए 60 रन की पार्टनरशिप की। अय्यर ने जडेजा के साथ छठे विकेट के लिए 57 रन जोड़े। अय्यर 48वें ओवर में मदुशंका का शिकार बने।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here