एनएसटी न्यूज, भोपाल। गोविंदपुरा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित श्री रामप्रकाश स्मृति बैडमिंटन प्रतियोगिता के गर्ल्स अंडर 11 सेमीफाइनल में एपीबीए की होनहार शटलर तनिष्का सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दृष्या राजपूत को सीधे गेमों में 15-6, 15-5 से हराया और फाइनल में प्रवेश किया। पूरे मैच में तनिष्का ने अपने अच्छे कोर्ट कवरेज और सटीक स्ट्रोक्स से अंक बनाए। अब उनका सामना फाइनल में होगा और खिताब जीतने की उम्मीदों को उन्होंने बढ़ा दिया है। मंगलवार शाम 5 बजे स्पर्धा का पुरस्कार वितरण एडिशनल कलेक्टर आशीष पाण्डेय, सोम ग्रुप के एमडी जगदीश अरोरा और जिया के अध्यक्ष विजय गौर करेंगे।
अन्य मुकाबलों के परिणाम
गर्ल्स अंडर 9 में प्रणवी मित्तल ने निशिका गोयल को 15-9, 15-11 और अर्शिका चौधरी ने तन्वीजा को 15-14, 15-7 से हराया। गर्ल्स अंडर 13 में भूमि कौशिक ने भूमि सिंह को 21-9, 21-16 जबकि अन्वी गुप्ता ने अदिति परमार को 12-21, 22-20, 25-23 से मात दी। बॉयज अंडर 9 में अदम्य तिवारी ने अधिराज बब्बर को 21-14, 21-17 और रेवांश शर्मा ने रेयांश अरोरा को 22-20, 21-10 से हराया। बॉयज अंडर 13 में आरव सोनी ने अभिनव आर्य को 21-12, 21-10 और श्लोक कुमार ने प्रतीक पालीवाल को 21-17, 21-17 से मात दी। बॉयज अंडर 11 क्वार्टर फाइनल में आरव सोनी ने गर्वित गुरनानी को 15-2, 15-4 से हराया, विशेष विश्वकर्मा ने वेदांश सोनी को 15-7, 13-15, 15-8 और प्रयान सचान ने उपराज को 15-9, 15-3 से मात दी। अभिनव आर्य ने दिव्यांश को 15-8, 15-3 हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।


