नई दिल्ली: भारत के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल को जुलाई महीने के लिए आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया है। उन्होंने इंग्लैंड में खेले गए तीन टेस्ट मैचों में शानदार प्रदर्शन करते हुए 94.50 की औसत से कुल 567 रन बनाए। यह चौथी बार है जब गिल को यह अवार्ड मिला है, जिससे वह इस सम्मान को चार बार जीतने वाले पहले पुरुष क्रिकेटर बन गए हैं। इससे पहले उन्हें जनवरी 2023, सितंबर 2023 और फरवरी 2025 में भी यह पुरस्कार दिया जा चुका है।
महिला क्रिकेट में ऐश गार्डनर और हेले मैथ्यूज ने भी चार-चार बार यह अवार्ड जीता है। गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ बर्मिंघम में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में 430 रन थे। किसी भी टेस्ट मैच में यह दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर था। उस टेस्ट मैच में उनके 269 और 161 रनों की पारी के बदौलत सीरीज 1-1 से बराबर हो गई थी। मैनचेस्टर में खेले गए चौथे टेस्ट मैच की दूसरी पारी में उन्होंने 103 रनों की उपयोगी पारी खेलकर मैच ड्रॉ कराने और सीरीज को जिंदा रखने में मदद की।
शुभमन गिल का बयान
गिल के अलावा जुलाई महीने के लिए प्लेयर ऑफ द मंथ बनने की रेस में इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स और साउथ अफ्रीका के ऑलराउंडर वियान मुल्डर भी शामिल थे। शुभमन गिल ने चौथी बार यह अवार्ड जीतने पर कहा, “जुलाई के लिए आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ चुने जाने पर बहुत अच्छा लग रहा है। इस बार यह अवार्ड मेरे लिए खास है क्योंकि यह मेरी पहली टेस्ट सीरीज में कप्तान के रूप में मिले प्रदर्शन के लिए मिला है।”
इंग्लैंड दौरे का सबसे यादगार पल: शुभमन गिल का दोहरा शतक
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गिल ने कहा, “बर्मिंघम में लगाया गया दोहरा शतक मेरे लिए हमेशा खास रहेगा। यह मेरे इंग्लैंड दौरे के सबसे यादगार पलों में से एक है। इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में कप्तान के रूप में यह मेरे लिए एक सीखने का अनुभव था और दोनों टीमों ने बेहतरीन क्रिकेट खेला। मुझे यकीन है कि दोनों टीमों के खिलाड़ी इस सीरीज को लंबे समय तक याद रखेंगे।”
सोफिया डंकले बनी महिला प्लेयर ऑफ द मंथ
इंग्लैंड की बल्लेबाज सोफिया डंकले को जुलाई 2025 के लिए आईसीसी महिला प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया है। इस अवॉर्ड के लिए उन्होंने अपनी टीम की साथी सोफी एक्लेस्टोन और आयरलैंड की कप्तान गैबी लुईस को पीछे छोड़ दिया। डंकले ने जुलाई में वनडे और टी20 दोनों प्रारूपों में बेहतरीन प्रदर्शन कर यह पुरस्कार जीता।
सोफिया डंकले का शानदार प्रदर्शन
उन्होंने भारत के खिलाफ घरेलू मैदान पर दोनों प्रारूपों में सभी सात मैच खेले। इसमें तीन वनडे में 126 रन और चार टी20 में 134.57 के स्ट्राइक रेट से 144 रन बनाए। डंकले टी20 सीरीज में इंग्लैंड की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी रहीं और साउथेम्प्टन में पहले वनडे में उन्होंने 92 गेंदों में 83 रनों की शानदार पारी खेली।

