सिडनी : दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु मंगलवार, 9 जून 2026 से शुरू होने वाले ऑस्ट्रेलिया ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में लंबे समय से चले आ रहे खिताबी सूखे को खत्म करने की कोशिश करेंगी। वहीं उभरते हुए भारतीय खिलाड़ी आयुष शेट्टी पुरुष एकल वर्ग में भारतीय चुनौती की अगुआई करेंगे। तीसरी वरीयता प्राप्त सिंधु 2024 में सैयद मोदी इंटरनेशनल जीतने के बाद से अपने पहले बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब की तलाश में हैं।
इस सीजन में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन जनवरी में मलेशिया ओपन के सेमीफाइनल तक पहुंचना रहा है। इस बार उन्हें अनुकूल ड्रॉ मिला है, जहां वह अपने अभियान की शुरुआत पेरू की इनेस लूसिया कैस्टिलो के खिलाफ करेंगी। इस मुकाबले में जीत दर्ज करने के बाद उनका सामना हमवतन इशारानी बरुआ और चीन की हान कियान शी के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा।
सिंधु का इंडोनेशिया ओपन में रहा है अनुभव
सिंधु पिछले सप्ताह इंडोनेशिया ओपन में राउंड-ऑफ-16 में पहुंची थी, जहां उन्हें विश्व की नंबर एक खिलाड़ी आन से-यंग से हार का सामना करना पड़ा था। अगर सिंधु सेमीफाइनल तक पहुंचती है तो वहां उनका सामना जापान की विश्व में तीसरे नंबर की खिलाड़ी अकाने यामागुची से हो सकता है। फाइनल में उनका मुकाबला थाईलैंड की दूसरी वरीयता प्राप्त पोर्नपावी चोचुवोंग से हो सकता है।
महिला एकल ड्रॉ में ही तन्वी शर्मा का सामना चीनी ताइपे की पांचवीं वरीयता प्राप्त चियू पिन-चियान से, जबकि मालविका बंसोड़ का मुकाबला मलेशिया की गोह जिन वेई से होगा। अनमोल खरब को जापान की पूर्व विश्व चैंपियन और चौथी वरीयता प्राप्त नोजोमी ओकुहारा के खिलाफ कड़ी चुनौती का सामना करना होगा। आकर्षी कश्यप का मुकाबला मलेशिया की वोंग लिंग चिंग से, जबकि तान्या हेमंत का अमेरिका की इशिका जायसवाल से होगा।
क्वालीफायर से शुरुआत करेंगे आयुष शेट्टी
पुरुष एकल में विश्व रैंकिंग में 20वें स्थान पर मौजूद और छठी वरीयता प्राप्त आयुष शेट्टी अपना पहला मुकाबला क्वालीफायर खिलाड़ी के खिलाफ खेलेंगे। वहीं एचएस प्रणय का सामना इंडोनेशिया के मोहम्मद जाकी उबा से होगा, जबकि किरण जॉर्ज पहले दौर में मलेशिया के जस्टिन होह के खिलाफ चुनौती पेश करेंगे।
पुरुष युगल वर्ग में इंडोनेशिया ओपन में क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने वाली हरिहरन अमसाकरुनन और एमआर अर्जुन की जोड़ी को पहले ही दौर में कठिन परीक्षा से गुजरना होगा। उनका सामना चीनी ताइपे की आठवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी ली फांग-चिह और ली फांग-जेन से होगा, जिससे मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।
अच्युतादित्य राव डोड्डावारापू और पोचना अर्जुन रेड्डी की जोड़ी का सामना चीन के हुआंग डि और लियू यांग से होगा। महिला युगल के मुख्य ड्रॉ में इस बार कोई भी भारतीय जोड़ी हिस्सा नहीं ले रही है। वहीं मिश्रित युगल वर्ग में ध्रुव कपिला और तनीशा क्रास्टो की छठी वरीयता प्राप्त जोड़ी अपने अभियान की शुरुआत करेगी। उनका पहला मुकाबला हांगकांग के चान यिन चक और एनजी त्स यौ की जोड़ी के खिलाफ खेला जाएगा।


