SL vs NZ T20 WC Super-8 Match: न्यूज़ीलैंड ने 61 रनों से जीत की दर्ज, श्रीलंका सेमीफाइनल की रेस से बाहर

0

नई दिल्ली: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में मेजबान श्रीलंका क्रिकेट टीम को सुपर-8 के अपने दूसरे मुकाबले में न्यूज़ीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 61 रनों से एकतरफा हार झेलनी पड़ी। इस हार के साथ ही श्रीलंका की टीम सेमीफाइनल में पहुंचने की दौड़ से पूरी तरह बाहर हो गई। मुकाबले में श्रीलंकाई कप्तान दसुन शनाका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जिसके जवाब में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 168 रन बनाए।

वहीं टारगेट का पीछा करते हुए श्रीलंकाई टीम 20 ओवर्स में 8 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 107 रनों के स्कोर तक ही पहुंचने में कामयाब हो सकी। श्रीलंकाई टीम की शुरुआत ही इस मैच में काफी खराब देखने को मिली, जिसमें उन्होंने 46 के स्कोर तक अपनी आधी टीम को गंवा दिया था, जिसके बाद उनके लिए मुकाबले में वापसी करना काफी मुश्किल हो गया था। न्यूजीलैंड की तरफ से गेंदबाजी में रचिन रवींद्र ने सबसे ज्यादा 4 विकेट हासिल किए, इसके अलावा मैट हेनरी ने 2 जबकि मिचेल सैंटनर और ग्लेन फिलिप्स 1-1 विकेट लेने में कामयाब रहे।

इस मैच में न्यूजीलैंड टीम के बल्लेबाजी प्रदर्शन को लेकर बात की जाए तो एक समय कीवी टीम ने 84 के स्कोर तक अपने 6 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर और कोल मैक्कॉन्ची के बीच 7वें विकेट के लिए हुई 47 गेंदों में 84 रनों की साझेदारी ने उन्हें इस मुकाबले में फिर से वापस ला दिया। मिचेल सैंटनर के बल्ले से इस मैच में 26 गेंदों में 47 रनों की पारी देखने को मिली, तो वहीं कोल मैक्कॉन्ची ने नाबाद 31 रनों की अहम पारी खेली। श्रीलंका की तरफ से इस मुकाबले में गेंदबाजों के प्रदर्शन को लेकर बात की जाए तो उसमें महेश तीक्ष्णा और दुष्मांता चमीरा ने 3-3 विकेट हासिल किए, इसके अलावा दुनिथ वेल्लालगे एक विकेट लेने में कामयाब रहे।

श्रीलंका बनाम न्यूजीलैंड मैच में दोनों टीमों की प्लेइंग 11

श्रीलंका – पथुम निसांका, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), चरिथ असलंका, पवन रत्नायके, कामेंदु मेंडिस, दसुन शनाका (कप्तान), दुनिथ वेल्लालगे, दुशान हेमंथा, दुष्मंथा चमीरा, महेश तीक्ष्णा, दिलशान मदुशंका।

न्यूजीलैंड – टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, मिचेल सेंटनर (कप्तान), कोल मैक्कॉन्ची, मैट हेनरी, ईश सोढ़ी, लॉकी फर्ग्यूसन।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here