Itf world tennis tour:स्लोवेनिया की डालीला बनी चैंपियन भारत की श्रीवल्ली को दूसरा खिताब जीतने से रोका

0

इन्दौर: स्लोवेनिया की डालीला जुकुपोविक ने भारत की श्रीवल्ली रश्मीका को भारतीय टेनिस महासंघ के तत्वावधान में मध्यप्रदेश टेनिस संघ व इंदौर टेनिस क्लब द्वारा प्रायोजित आईटीएफ वर्ल्ड टेनिस टूर डब्ल्यू-35 डॉलर 25000 इनामी राशि महिला टेनिस टूर्नामेंट के फाइनल में सीधे सेटों में पराजित कर चैंपियन होने का गौरव हासिल किया। डालीला गत माह इंदौर में ही हुए डब्ल्यू-50 टेनिस टूर्नामेंट में डालीला उपविजेता रही थी।

इंदौर टेनिस क्लब में खेली गई इस प्रतिष्ठित इंटरनेशनल टेनिस स्पर्धा का फाइनल भारत की गैरवरीयता प्राप्त श्रीवल्ली रश्मीका और स्लोवेनिया की डालीला जुकुपोविक के मध्य हुआ। अपने दमदार खेल की बदौलत कई उलटफेर करते हुए श्रीवल्ली ने फाइनल में स्थान बनाया था और युगल खिताब के बाद एकल में भी जीत की उम्मीद उनसे लगाई जा रही थी, लेकिन 32 वर्षिय डालीला ने अपने अनुभव का फायदा उठाते हुए श्रीवल्ली को सीधे सेटों में 6-3, 6-2 से पराजित कर आईटीएफ वल्र्ड टेनिस टूर डब्ल्यू-35 का खिताब अपने नाम किया। पहले गेम से ही डालीला ने अपने इरादे स्पष्ट कर दिए थे और श्रीवल्ली पर दबाव बनाना शुरू कर दिया था। उम्दा ग्राउंड स्ट्रोक और पूरे कोर्ट पर श्रीवल्ली को दौड़ाते हुए डालीला ने 33 मिनट में ही पहला सेट अपने नाम कर लिया। पहले सेट में डालीली ने श्रीवल्ली की दो सर्विस ब्रेक कर पाइंट अर्जित किए।

दूसरे सेट में चैथे गेम में डालीला ने श्रीवल्ली की सर्विस ब्रेक कर 3-1 की बढ़त बना ली और छठे गेम तक बढ़त 5-1 कर ली थी, लेकिन फिर श्रीवल्ली ने वापसी की कोशिश की और डालीला की सर्विस ब्रेक करते हुए स्कोर 2-5 किया, लेकिन डालीला ने आठवें गेम में उम्दा खेल दिखाते हुए श्रीवल्ली की सर्विस तोड़ते हुए सेट और मैच अपने नाम कर लिया। कुल 1 घंटा 7 मिनट तक चले इस मुकाबले में डालीला के आगे 22 वर्षिय यह भारतीय युवा खिलाड़ी संघर्ष करती नजर आई। हालांकि उन्होंने फाइनल तक का सफर काफी शानदार अंदाज में तय किया और कई वरीयता प्राप्त और अपने से ऊंची रैंकिंग वाली खिलाडियों को पराजित किया।

विजेता खिलाड़ी डालीला जुकुपोविक को 3935 डॉलर (लगभग तीन लाख 30 हजार रु.) की राशि के साथ 35 आईटीएफ अंक भी हासिल हुए। वहीं उपविजेता श्रीवल्ली को 2107 डॉलर (लगभग एक लाख चैहत्तर हजार रु.) की राशि के साथ 23 आईटीएफ अंक हासिल हुए। टूर्नामेंट का पुरस्कार वितरण दीपक सिंह, कमिश्नर इंदौर संभाग के मुख्य आतिथ्य में हुआ। अध्यक्षता श्री अनुराग, आईजी ग्रामीण ने की। इस अवसर पर भारतीय टेनिस महासंघ के सचिव अनिल धूपर, आईटीसी ट्रस्टी बी.एस. छाबड़ा, हेमंत पटवा, टूर्नामेंट डायरेक्टर अर्जुन धूपर उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन टेनिस कोच साजिद लोदी ने किया

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here