ऑस्ट्रेलिया को जीत नहीं दिला पाए डेविड वार्नर, साउथ अफ्रीका ने T20 सीरीज में की बराबरी

0

पोर्ट एलिजाबेथ : South Africa vs Australia T20 Series: कप्तान क्विंटन डिकॉक के अर्धशतक के बाद लुंगी नगिदी की उम्दा गेंदबाजी से दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे टी20 मैच में ऑस्ट्रेलिया को 12 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-1 से बराबर कर ली। तीन मैचों की टी20 सीरीज में रोमांचक मोड़ पर पहुंच गई है। सीरीज का आखिरी मैच 26 फरवरी को केपटाउन के मैदान पर खेला जाएगा।

इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका की टीम ने कप्तान क्विंटन डिकॉक की 70 रन की तूफानी पारी की दम पर 158 रन का स्कोर बनाया। दक्षिण अफ्रीका के 159 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की टीम सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर (नाबाद 67) और स्टीव स्मिथ (29) की पारियों की बदौलत एक समय 13वें ओवर में एक विकेट पर 98 रन बनाकर अच्छी स्थिति में थी लेकिन छह विकेट पर 143 रन ही बना सकी।

डेविड वार्नर 67 रन बनाकर नाबाद लौटे, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। आखिरी ओवर में 17 रनों की दरकार थी, लेकिन वार्नर का बल्ला खामोश रहा। यही कारण रहा कि ऑस्ट्रेलिया को इस मैच में हार मिली। प्रोटियाज टीम की ओर से लुंगी नगिदी ने 41 रन देकर तीन विकेट चटकाए। बायें हाथ के चाइनामैन गेंदबाज तबरेज शम्सी ने बेहद किफायती गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में सिर्फ 17 रन दिए।

डिकॉक ने 47 गेंद की अपनी पारी में पांच चौके और चार छक्के लगाए। उन्होंने 31 गेंद में अर्धशतक पूरा किया वहीं, रेसे वॉन डेर डुसेन ने 26 गेंद में 37 रन की पारी खेली लेकिन दक्षिण अफ्रीका की टीम अंतिम पांच ओवर में 36 रन ही बना सकी। ऑस्ट्रेलिया की ओर से केन रिचर्डसन ने चार ओवर में 21 रन देकर दो विकेट चटकाए। बता दें कि सीरीज का पहला मैच कंगारू टीम ने 107 रन के बड़े अंतर से जीता था।