अहमदाबाद। टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में साउथ अफ्रीका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कनाडा को 57 रन से हराकर ग्रुप-D में पहला स्थान हासिल कर लिया। यह अफ्रीकी टीम की टूर्नामेंट में पहली जीत है, जिसे उसने दमदार बल्लेबाजी और घातक गेंदबाजी के दम पर दर्ज किया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टूर्नामेंट के 9वें मुकाबले में कनाडा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 213 रन बनाए। यह मौजूदा टी-20 वर्ल्ड कप का अब तक का सबसे बड़ा टीम स्कोर है।
कप्तान ऐडन मार्करम ने आक्रामक अंदाज में 32 गेंदों पर 59 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। उनके अलावा डेविड मिलर ने 39 रन और ट्रिस्टन स्टब्स ने 34 रन का उपयोगी योगदान दिया। कनाडा की ओर से अंश पटेल सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कनाडा की टीम साउथ अफ्रीका की सधी हुई गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 156 रन ही बना पाई। कनाडा के लिए नवनीत धालीवाल ने सर्वाधिक 64 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, जबकि हर्ष ठाकर ने 33 रन जोड़े।
साउथ अफ्रीका की गेंदबाजी में लुंगी एनगिडी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट लिए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मार्को यानसन को 2 विकेट मिले, जबकि कागिसो रबाडा ने 1 बल्लेबाज को पवेलियन भेजा। इस जीत के साथ साउथ अफ्रीका ने ग्रुप-D की अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है और टीम ने खिताब की दौड़ में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा दी है।

