विशाखापट्टनम. विमेंस वनडे वर्ल्ड कप में भारत को पहली हार का सामना करना पड़ा। साउथ अफ्रीका ने गुरुवार को भारत को 3 विकेट से हराते हुए टूर्नामेंट में लगातार तीसरी बार मात दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम 49.5 ओवर में 251 रन पर ऑलआउट हो गई। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 77 गेंदों पर 94 रन बनाए, लेकिन उन्हें बाकी खिलाड़ियों से ज्यादा मदद नहीं मिली। एक समय भारत के 6 विकेट 102 रन पर गिर गए थे। वहीं स्मृति मंधाना ने 23 रन बनाते हुए एक खास रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह किसी कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने वाली महिला खिलाड़ी बन गईं। उन्होंने 972 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया की बेलिंडा क्लार्क का 28 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा।

वोल्वार्ट और क्लर्क ने संभाली साउथ अफ्रीका की पारी
252 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका की शुरुआत खराब रही। टीम ने 81 रन तक पांच विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद कप्तान लौरा वोल्वार्ट (70 रन) और क्लो ट्रायोन (49 रन) ने छठे विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी की और पारी को संभाला। वोल्वार्ट 111 गेंदों पर 70 रन बनाकर आउट हुईं, लेकिन क्लो ट्रायोन ने नदिन डी क्लर्क के साथ मिलकर मैच को पलट दिया। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 69 रन की अहम साझेदारी की।
क्लर्क ने छक्कों से जिताया मुकाबला
अंतिम ओवरों में नदिन डी क्लर्क ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। उन्होंने 84 रन की नाबाद पारी खेली और आखिरी ओवर में दो छक्के लगाकर टीम को जीत दिला दी। साउथ अफ्रीका ने 48.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। क्लर्क को उनकी निर्णायक पारी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। भारत के लिए स्नेह राणा और क्रांति गौड़ ने दो-दो विकेट झटके। अब भारत को सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए अगले मैचों में मजबूत वापसी करनी होगी।


