नई दिल्ली : टी20 वर्ल्ड कप 2024 की उपविजेता साउथ अफ्रीका की मुश्किलें टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। टोनी डी जोर्जी और डेनोवन फरेरा के बाद अब दिग्गज बल्लेबाज डेविड मिलर भी चोटिल हो गए हैं। मिलर को ग्रोइन इंजरी होने का संदेह है, जिससे वर्ल्ड कप से पहले उनकी फिटनेस पर सवाल खड़े हो गए हैं। यह चोट उन्हें सोमवार (19 जनवरी) को जोबर्ग सुपर किंग्स के खिलाफ पार्ल रॉयल्स के मैच में फील्डिंग के दौरान लगी।
वह 16वें ओवर में मैदान छोड़कर बाहर चले गए और इसके बाद रॉयल्स की पारी में बल्लेबाजी के लिए भी नहीं उतरे। फिलहाल मिलर की चोट की गंभीरता को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। मैच के बाद जब उनसे उनकी स्थिति के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, “मुझे नहीं पता, कल उठने के बाद देखेंगे। साफ है कि यह ठीक नहीं है।”
फरेरा-जोर्जी चोटिल, साउथ अफ्रीका की बढ़ी चिंता
मिलर अब साउथ अफ्रीका की टी20 वर्ल्ड कप टीम के तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्हें भारत और श्रीलंका में होने वाले टूर्नामेंट से पहले चोट का सामना करना पड़ा है। इससे पहले डोनोवन फरेरा कंधे में फ्रैक्चर के चलते चल रहे एसए20 से बाहर हो चुके हैं, जबकि टोनी डी जोर्जी दिसंबर 2025 में लगी हैमस्ट्रिंग इंजरी से अब भी रिकवर कर रहे हैं।
साउथ अफ्रीका की टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम
एडेन मार्कराम (कप्तान), क्विंटन डिकॉक, टोनी डी जोर्जी, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, डोनोवन फरेरा, मार्को यानसेन, केशव महाराज, कगिसो रबाडा, क्वेना मफाका, लुंगी एनगिडी, जेसन स्मिथ, जॉर्ज लिंडे, कॉर्बिन बॉश, एनरिक नॉर्खिया।
साउथ अफ्रीका का टी20 वर्ल्ड कप शेड्यूल
टी20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका को ग्रुप डी में रखा गया है, जहां उसका सामना अफगानिस्तान, न्यूजीलैंड, कनाडा और यूएई से होगा। टीम अपने अभियान की शुरुआत 9 फरवरी को कनाडा के खिलाफ करेगी। इसके बाद 11 फरवरी को अफगानिस्तान से टक्कर होगी, 14 फरवरी को न्यूजीलैंड से मुकाबला खेला जाएगा, जबकि ग्रुप स्टेज का आखिरी मैच 18 फरवरी को यूएई के खिलाफ होगा।

