नई दिल्ली : दक्षिण अफ्रीका ने भारत के खिलाफ 9 दिसंबर से गक्बेरहा में शुरू होने वाले एकमात्र महिला टेस्ट मैच के लिए अपनी टीम में 8 नए खिलाड़ियों को शामिल किया है। इनमें शीर्ष क्रम की बल्लेबाज अलेक्जेंड्रा कैंडलर भी शामिल हैं। क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (सीएसए) ने भारत के खिलाफ होने वाली बहु-प्रारूप घरेलू सीरीज के लिए टेस्ट, वनडे और टी20 तीनों प्रारूपों की टीमों की घोषणा कर दी है।
इसमें दक्षिण अफ्रीका की पूर्व अंडर-19 महिला टीम की कप्तान ओलुहले सियो और नामीबिया की पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज यास्मीन खान को भी पहली बार राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है। सियो को टेस्ट टीम में, जबकि यास्मीन को टी-20 टीम में शामिल किया गया है। टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण कर चुकीं कैटलिन वाइंगार्ड को भी उनके घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है। उन्हें टेस्ट और वनडे दोनों टीमों में जगह दी गई है।
लंबे अंतराल के बाद टेस्ट खेलने उतरेगी दक्षिण अफ्रीकी महिला टीम
दक्षिण अफ्रीका 2024 में ब्लोमफोंटेन में इंग्लैंड की मेजबानी के बाद पहली बार टेस्ट मैच खेलेगा। ऐसे में टेस्ट टीम में कई नए खिलाड़ियों को मौका दिया गया है। कैंडलर, सियो और वाइंगार्ड के अलावा हरफनमौला एलिज-मैरी मार्क्स, नोंडुमिसो शांगासे और मियाने स्मिट तथा टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुकी युवा खिलाड़ी लुयांडा नुंजा और न्थाबिसेंग निनी भी टेस्ट टीम में जगह बनाने के बाद अंतरराष्ट्रीय टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण की उम्मीद लगाए हैं।
15 सदस्यीय वनडे टीम में ज्यादातर पुराने और अनुभवी चेहरों को मौका
हैमस्ट्रिंग की चोट से उबरने के बाद विकेटकीपर-बल्लेबाज सिनालो जाफ्ता की तीनों प्रारूपों की टीमों में वापसी हुई है। चोट के कारण वह जिम्बाब्वे के खिलाफ पांच टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की शृंखला में नहीं खेल पाई थीं। अनुभवी हरफनमौला मरिजाने कैप भी तीनों प्रारूपों में टीम को मजबूती देने के लिए वापसी कर रही हैं। आईसीसी महिला चैंपियनशिप (आईडब्ल्यूसी) के तहत होने वाली 15 सदस्यीय वनडे टीम में ज्यादातर अनुभवी खिलाड़ियों को बरकरार रखा गया है।
महिला टेस्ट सीरीज का इकलौता मुकाबला 9 दिसंबर से, 12 दिसंबर तक चलेगा खेल
टीम में 11 खिलाड़ी ऐसी हैं, जो इस साल मार्च-अप्रैल में न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज का हिस्सा थीं। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच एकमात्र टेस्ट नौ से 12 दिसंबर तक खेला जाएगा। इसके बाद तीन वनडे मुकाबले 16, 19 और 22 दिसंबर को क्रमशः पार्ल, केपटाउन और ब्लोमफोंटेन में होंगे। दौरे का समापन तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय शृंखला से होगा। इसका पहला मुकाबला 26 दिसंबर को बेनोनी के विलोमूर पार्क में खेला जाएगा। दूसरा और तीसरा मैच 29 और 30 दिसंबर को पोटचेफस्ट्रूम के एनडब्ल्यूसी ओवल में होंगे।
दक्षिण अफ्रीका की टेस्ट टीम
लौरा वोल्वार्ट (कप्तान), अलेक्जेंड्रा कैंडलर, एनेरी डर्कसन, मरिजाने कैप, सिनालो जाफ्ता, सुने लुस, एलिज-मैरी मार्क्स, कराबो मेसो, नॉनकुलुलेको म्लाबा, न्थाबिसेंग निनी, लुयांडा नुंजा, नोंडुमिसो शांगासे, ओलुहले सियो, मियाने स्मिट और कैटलिन वाइंगार्ड।
दक्षिण अफ्रीका की वनडे टीम
लौरा वोल्वार्ट (कप्तान), एनेके बॉश, ताजमिन ब्रिट्स, अलेक्जेंड्रा कैंडलर, नादिन डी क्लर्क, एनेरी डर्कसन, मरिजाने कैप, अयाबोंगा खाका, सिनालो जाफ्ता, सुने लुस, कराबो मेसो, नॉनकुलुलेको म्लाबा, तुमी सेखुखुने, नोंडुमिसो शांगासे और कैटलिन वाइंगार्ड।
दक्षिण अफ्रीका की टी-20 टीम
लौरा वोल्वार्ट (कप्तान), एनेके बॉश, ताजमिन ब्रिट्स, नादिन डी क्लर्क, एनेरी डर्कसन, सिनालो जाफ्ता, मरिजाने कैप, अयाबोंगा खाका, यास्मीन खान, एलिज-मैरी मार्क्स, नॉनकुलुलेको म्लाबा, सेशनी नायडू, कायला रेनेके, तुमी सेखुखुने, क्लो ट्रायोन और फे टनिकलिफ।


