स्पेन की जीत, पुर्तगाल की हार; क्रिस्टियानो रोनाल्डो का विश्व कप अभियान समाप्त

0

नई दिल्ली : फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ 16 में सोमवार (6 जुलाई) को फुटबॉल प्रशंसकों को बड़ा झटका लगा, जब क्रिस्टियानो रोनाल्डो का विश्व कप जीतने का सपना अधूरा रह गया। स्पेन के खिलाफ खेले गए मुकाबले में पुर्तगाल को 0-1 से हार का सामना करना पड़ा और टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई। इस हार के साथ 41 वर्षीय रोनाल्डो का विश्व कप अभियान भी समाप्त हो गया। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही उन्होंने संकेत दिए थे कि यह उनके करियर का आखिरी विश्व कप हो सकता है। राउंड ऑफ 16 मुकाबले से पहले भी उन्होंने इस बात को स्वीकार किया था और हार के बाद नम आंखों के साथ विश्व कप को भावुक विदाई दी।

क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने 2006 से 2026 तक 20 साल में 6 विश्व कप खेले। दुर्भाग्यवश वह अपनी टीम को फीफा चैंपियन नहीं बना पाए। उनके नाम फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में 11 गोल दर्ज हैं। वह पुर्तगाल के लिए भी ऑलटाइम लीडिंग गोल स्कोरर रहे हैं। स्पेन के सब्सटीट्यूट खिलाड़ी मिकेल मेरिनो ने स्टॉपेज टाइम में गोल दागा और पुर्तगाल समेत सभी रोनाल्डो फैंस के सपनों पर पानी फेर दिया।

नम आंखों से रोनाल्डो की विदाई, टूट गया विश्व कप जीतने का सपना

निर्धारित 90 मिनट तक दोनों टीमों के बीच मुकाबला गोलरहित (0-0) बराबरी पर रहा। इसके बाद स्पेन ने 91वें मिनट में मिकेल मेरिनो को फेरान टोरेस की जगह मैदान पर उतारा और उन्होंने आते ही शानदार गोल दागकर मैच का रुख बदल दिया। इस गोल ने पुर्तगाल की वापसी की उम्मीदों पर लगभग विराम लगा दिया। मुकाबले से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने कहा था, “हां, यह मेरा आखिरी विश्व कप है। आइए, इसका पूरा आनंद लेते हैं।” मैच समाप्त होते ही रोनाल्डो की आंखें नम हो गईं और उन्होंने भावुक अंदाज में विश्व कप को अलविदा कहा।

हालांकि, 41 वर्षीय क्रिस्टियानो रोनाल्डो के पेशेवर फुटबॉल करियर का अंत कब होगा, इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। यह विश्व कप उनके करियर का आखिरी फीफा विश्व कप जरूर रहा, लेकिन क्लब और अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में वह कब तक खेलते रहेंगे, इस पर फैसला आना बाकी है। रोनाल्डो ने अपने शानदार करियर में मैनचेस्टर यूनाइटेड और रियाल मैड्रिड के साथ मिलकर छह बार चैंपियंस लीग का खिताब जीता। हालांकि, वह पुर्तगाल को विश्व कप विजेता नहीं बना सके, लेकिन 2016 में टीम को यूरो कप का ऐतिहासिक खिताब जरूर दिलाया। वहीं, दिन के दूसरे राउंड ऑफ 16 मुकाबले में बेल्जियम ने अमेरिका को 4-1 से हराकर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here