नई दिल्ली : अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में अभिषेक शर्मा की तूफानी पारी के सामने भले ही बाकी बल्लेबाजों का प्रदर्शन फीका नजर आया, लेकिन संजू सैमसन ने भी बल्ले से अहम योगदान दिया। उन्होंने शानदार अर्धशतकीय पारी खेलते हुए भारतीय टीम के स्कोर को 200 के पार पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अपनी इस पारी के दौरान संजू ने 4 छक्के लगाए और इसी के साथ सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। अब संजू सैमसन भारत की ओर से टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में सूर्यकुमार से आगे निकल गए हैं।
छक्कों की रेस में संजू सैमसन ने सूर्यकुमार यादव को पछाड़ा
संजू सैमसन ने अफगानिस्तान के खिलाफ 35 गेंदों पर 50 रन की पारी खेली और इस दौरान उनके बल्ले से 4 छक्के और 2 चौके भी निकले। इन चार छक्कों के दम पर वो टी20 में छक्के लगाने के मामले में सूर्यकुमार यादव से आगे निकल गए। संजू सैमसन ने टी20 क्रिकेट में अब तक 334 पारियों में कुल 430 छक्के लगाए हैं जबकि सूर्यकुमार यादव ने 347 पारियों में 429 छक्के जड़े हैं। संजू सैमसन अब इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर आ गए जबकि सूर्यकुमार यादव चौथे नंबर पर चले गए।
भारत की तरफ से टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अब भी रोहित शर्मा के नाम पर दर्ज हैं जिन्होंने 459 पारियों में 568 छक्के लगाए हैं जबकि विराट कोहली इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं जिन्होंने 413 पारियों में कुल 460 छक्के लगाए हैं। भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा लिस्ट में पांचवें स्थान पर हैं जिन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ अपनी पारी के दौरान कुल 11 छक्के लगाए थे। अभिषेक ने अब तक टी20 की 205 पारियों में ही 397 छक्के लगाए हैं। वहीं केएल राहुल इस लिस्ट में छठे नंबर पर हैं जिन्होंने 240 पारियों में 363 छक्के लगाए हैं।
टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप-6 भारतीय
568 छक्के – रोहित शर्मा (459 पारी)
460 छक्के – विराट कोहली (413 पारी)
430 छक्के – संजू सैमसन (334 पारी)
429 छक्के – सूर्यकुमार यादव (347 पारी)
397 छक्के – अभिषेक शर्मा (205 पारी)
363 छक्के – केएल राहुल (240 पारी)


