नई दिल्ली : एमएस धोनी एक बार फिर चर्चा में बने हुए हैं। हालांकि यह उनके लिए कोई नई बात नहीं है, लेकिन आज का दिन खास हो सकता है, जो फैंस को खुशी भी देगा और थोड़ी भावनात्मक हलचल भी पैदा कर सकता है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आईपीएल में आज चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद आमने-सामने होंगी। इस मुकाबले से पहले महेंद्र सिंह धोनी के खेलने की संभावना जताई जा रही है, लेकिन उनके खेलने को लेकर अंतिम फैसला शाम सात बजे के बाद ही साफ हो पाएगा।
चेन्नई में आज सीएसके और एसआरएच के बीच होगा हाई-वोल्टेज मुकाबला
आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच आज मुकाबला खेला जाना है, जो चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में होगा। इस बीच एमएस धोनी ने अभी तक इस सीजन एक भी मैच नहीं खेला है। दरअसल वे पिंडली की चोट से जूझ रहे हैं, इसलिए कई बार तो उन्होंने टीम के साथ ट्रेवल भी नहीं किया। इस बीच आईपीएल में आज चेन्नई का अपने घर पर आखिरी मैच है। वैसे तो टीम एक और लीग मुकाबला खेलेगी, लेकिन वो अहमदाबाद में होगा। टीम अगर प्लेऑफ में पहुंची तो उसका भी कोई मैच चेन्नई में नहीं है। ऐसे में सीएसके आगे जाए या ना जाए, टीम का आखिरी मैच चेन्नई में होगा।
आईपीएल में धोनी के संभावित आखिरी मैच को लेकर फैंस में बढ़ा रोमांच
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार दरअसल कुछ साल पहले की बात है, एमएस धोनी ने कहा था कि वे अपना आखिरी मैच चेन्नई में खेलना चाहते हैं। वैसे तो इससे बेहतर क्या ही बात होगी कि धोनी आज अपनी टीम के लिए आईपीएल खेलने उतरें। लेकिन अगर आज वे खेलने के लिए उतरे तो ये भी पक्का मान लीजिए कि फिर ये उनका ये आखिरी आईपीएल मैच होगा। वे इसके बाद आईपीएल से भी रिटायरमेंट ले लेंगे। अगले सीजन से पहले ही वे इंटरनेशनल क्रिकेट के बाद आईपीएल को भी अलविदा कह जाएंगे।
चोट से उबरकर धोनी ने मैच से एक दिन पहले की प्रैक्टिस में लिया हिस्सा
इस बीच अगर आज एमएस धोनी के खेलने की संभावनाओं की बात करें तो इसका खुलासा शाम सात बजे ही होगा, जब चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ टॉस के लिए मैदान पर आएंगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हालांकि, मैच से एक दिन पहले धोनी मैदान पर नजर आए और उन्होंने प्रैक्टिस भी की, जहां उन्होंने करीब आधे घंटे तक तैयारी की। यह टीम और फैंस दोनों के लिए एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। अब देखना होगा कि धोनी खुद आज के मुकाबले को लेकर क्या निर्णय लेते हैं।


