- बहतराई एक्सीलेंस सेंटर में खिलाड़ियों के भोजन की गुणवत्ता संबंधी प्रकाशित समाचार पर संचालक खेल एवं युवा कल्याण ने लिया तत्काल संज्ञान
रायपुर : बहतराई, बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस/अकादमी में खिलाड़ियों को प्रदाय किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता के संबंध में आज प्रकाशित समाचार को संचालक, खेल एवं युवा कल्याण, छत्तीसगढ़ श्रीमती आकांक्षा शिक्षा खलखो द्वारा तत्काल संज्ञान में लिया गया है।
प्रकाशित समाचार में खिलाड़ियों को कच्ची रोटी, जला हुआ पोहा एवं खराब/सड़े फल परोसे जाने संबंधी उल्लेख किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए संचालनालय द्वारा सहायक संचालक, खेल एवं युवा कल्याण, जिला-बिलासपुर तथा संबंधित भोजन प्रदायक फर्म को नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण एवं तथ्यात्मक प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही, प्रकाशित समाचार में उल्लेखित तथ्यों की स्थल जांच एवं वस्तुस्थिति के परीक्षण हेतु संचालनालय स्तर से दो खेल अधिकारियों की जांच समिति गठित की गई है। समिति द्वारा संबंधित का परीक्षण कर तथ्यात्मक जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाएगा।
संचालक खेल ने कहा कि खिलाड़ियों के भोजन, स्वास्थ्य एवं मूलभूत सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार्य नहीं होगी। खिलाड़ियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तायुक्त, स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन तथा आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। जांच में यदि किसी प्रकार की अनियमितता अथवा लापरवाही पाई जाती है, तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा खिलाड़ियों के हित एवं उनके बेहतर प्रशिक्षण वातावरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित अधिकारियों एवं सेवा प्रदाताओं को निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।


