SRH vs DC: बारिश ने बिगाड़ा सनराइजर्स हैदराबाद का खेल

0

धर्मशाला: सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया। इसके बाद दोनों टीमों को एक-एक अंक दे दिया गया। अब दिल्ली के खाते में 13 अंक हो गए हैं और वह पांचवें स्थान पर मौजूद है। वहीं, हैदराबाद सात अंकों के साथ आठवें स्थान पर पहुंच गई है। सोमवार को खेले गए मुकाबले में दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट खोकर 133 रन बनाए थे। हालांकि, बारिश के कारण हैदराबाद की पारी शुरू नहीं हो सकी। इसी के साथ पैट कमिंस की टीम प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई जबकि अक्षर पटेल की टीम की उम्मीदें अब भी बरकरार हैं।

हैदराबाद प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने वाली तीसरी टीम है। इससे पहले राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स बाहर हो चुकी हैं। दोनों टीमें अंक तालिका में क्रमश: नौवें और 10वें पायदान पर मौजूद हैं। हैदराबाद ने अब तक 11 मुकाबले खेले। इनमें उन्हें सिर्फ तीन मैचों में जीत मिली। अब टीम का सामना केकेआर, आरसीबी और लखनऊ से होना है। वहीं, दिल्ली की पंजाब किंग्स, गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस से टक्कर होगी। अक्षर पटेल की टीम को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए तीनों मुकाबले जीतने होंगे।

इस मुकाबले में हैदराबाद के गेंदबाजों ने दिल्ली के बल्लेबाजों पर शिकंजा कसा था। उनकी शुरुआत झटके के साथ हुई थी। सलामी बल्लेबाज करुण नायर पहली ही गेंद पर आउट हो गए थे। उन्हें पैट कमिंस ने अपना शिकार बनाया। वह खाता भी नहीं खोल पाए। इसके बाद कमिंस ने अभिषेक पोरेल और फाफ डुप्लेसिस को अपना शिकार बनाया। दोनों बल्लेबाज क्रमश: आठ और तीन रन बनाकर आउट हुए। वहीं, अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल सिर्फ 10 रन बना पाए जबकि कप्तान अक्षर पटेल ने छह रन बनाए। दिल्ली के लिए ट्रिस्टन स्टब्स और आशुतोष शर्मा ने सर्वाधिक 41-41 रनों की पारी खेली। इसके अलावा विप्रज निगम 18 रन बनाकर आउट हुए और मिचेल स्टार्क एक रन बनाकर नाबाद रहे। हैदराबाद के लिए पैट कमिंस ने तीन विकेट लिए जबकि जयदेव उनादकट, हर्षल पटेल और इशान मलिंगा को एक-एक सफलता मिली।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here