SRH vs MI: मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को सात विकेट से हराया

0

हैदराबाद: ट्रेंट बोल्ट की घातक गेंदबाजी और रोहित शर्मा की अर्धशतकीय पारी के दम पर मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को सात विकेट से हरा दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद ने हेनरिक क्लासेन की 71 रनों की पारी की मदद से 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 143 रन बनाए। जवाब में पांच बार की विजेता टीम ने 15.4 ओवर में तीन विकेट खोकर 146 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। हैदराबाद के लिए जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा और जीशान अंसारी ने एक-एक विकेट लिया।

मुंबई लगातार चौथी जीत के साथ अंक तालिका में 10 अंक और 0.673 के नेट रन रेट के साथ तीसरे पायदान पर पहुंच गई। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद आठ में छह मैच गंवाकर नौवें स्थान पर है। अब मुंबई का सामना 27 अप्रैल यानी रविवार को लखनऊ से होगा। इस मैच में जीत के साथ हार्दिक पांड्या की टीम स्थिति मजबूत करने उतरेगी।

हैदराबाद ने मुंबई के सामने रखा था 144 रन का लक्ष्य

हेनरिक क्लासेन और अभिनव मनोहर की 99 रनों की विशाल साझेदारी के दम पर सनराइजर्स हैदराबाद ने मुंबई के सामने 144 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद ने 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 143 रन बनाए। उनके लिए क्लासेन ने 71 और अभिनव ने 43 रन की पारी खेली। मुंबई के लिए ट्रेंट बोल्ट ने चार विकेट लिए जबकि दीपक चाहर को दो विकेट मिले। वहीं, बुमराह ने एक सफलता अपने नाम की।

इस मैच में हैदराबाद की शुरुआत खराब हुई। 20 से कम के स्कोर पर टीम ने अपने चार विकेट गंवा दिए। ट्रेविस हेड (0), अभिषेक शर्मा (8), ईशान किशन (1) और नीतीश रेड्डी (2) बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। इसके बाद मोर्चा हेनरिक क्लासेन और अभिनव मनोहर ने संभाला। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 99 रन की विशाल साझेदारी हुई। क्लासेन ने 34 गेंदों में इस आईपीएल का अपना पहला अर्धशतक पूरा किया। वह 44 गेंदों में 71 रन का निजी स्कोर बनाने में कामयाब हुए। वहीं, इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर आए अभिनव मनोहर ने 37 गेंदों का सामना किया और दो चौके व तीन छक्के की मदद से 43 रन बनाए। अनिकेत वर्मा ने 12, पैट कमिंस ने एक और हर्षल पटेल ने एक* रन बनाया।

दोनों टीमों की प्लेइंग 11 इस प्रकार है

सनराइजर्स हैदराबाद: अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन, नीतीश कुमार रेड्डी, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), अनिकेत वर्मा, पैट कमिंस (कप्तान), हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, जीशान अंसारी, ईशान मलिंगा।

इम्पैक्ट प्लेयर्स: अभिनव मनोहर, सचिन बेबी, राहुल चाहर, वियान मुल्डर, मोहम्मद शमी।

मुंबई इंडियंस: रेयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), विल जैक्स, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), नमन धीर, मिचेल सेंटनर, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रित बुमरा, विग्नेश पुथुर।

इम्पैक्ट प्लेयर्स: रोहित शर्मा, कॉर्बिन बॉश, राज बावा, सत्यनारायण राजू, रॉबिन मिंज।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here