एंटीगुआ। श्रीलंका ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट में मजबूत स्थिति बना ली है। एंटीगुआ में खेले जा रहे मुकाबले के दूसरे दिन टीम ने अपनी पहली पारी 549/9 पर घोषित कर दी। जवाब में वेस्टइंडीज ने दिन का खेल समाप्त होने तक एक विकेट के नुकसान पर 58 रन बनाए। मेजबान टीम अभी श्रीलंका के स्कोर से 491 रन पीछे है। जॉन कैंपबेल 31 और कावेम हॉज 6 रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि ब्रैंडन किंग 17 रन बनाकर आउट हुए।
दूसरे दिन श्रीलंका ने 338/5 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया और पहले सत्र में कोई विकेट नहीं गंवाया। कुसल मेंडिस और सोनल दिनुषा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए छठे विकेट के लिए 143 रन की साझेदारी की। मेंडिस ने तेज अर्धशतक जमाया, जबकि दिनुषा अपने पहले टेस्ट शतक से सिर्फ आठ रन दूर रह गए और 92 रन बनाकर आउट हुए।
मेंडिस के आउट होने के बाद सोनल दिनुषा और मिलन रथनायके ने उपयोगी साझेदारी की। इसके बाद कप्तान रोस्टन चेज ने पार्ट टाइम स्पिनर कावेम हॉज को गेंद सौंपी, जिन्होंने दिनुषा का अहम विकेट हासिल किया। श्रीलंका ने 549/9 के विशाल स्कोर पर अपनी पारी घोषित कर वेस्टइंडीज पर दबाव बना दिया।
मैच के दौरान दोनों टीमों की फील्डिंग भी चर्चा का विषय रही। वेस्टइंडीज ने कुसल मेंडिस का आसान कैच छोड़कर उन्हें बड़ी पारी खेलने का मौका दिया, जबकि श्रीलंका ने भी तीन कैच गंवाए। अब तीसरे दिन वेस्टइंडीज की कोशिश बड़ी साझेदारियां कर फॉलोऑन के खतरे से बचने और मुकाबले में वापसी करने की होगी।


